पीलीभीत: पुलिस हिरासत में बिगड़ी युवक की हालत...दरोगा पर पिटाई का आरोप
घुंघचिहाई, अमृत विचार। पुलिस कस्टडी में एक युवक की हालत बिगड़ गई। बताते हैं कि इसे अवैध खनन के मामले में हिरासत में लिया गया था। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिवार वाले उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए। थाने के बाहर एक दरोगा द्वारा युवक से मारपीट करने का भी आरोप लगाया।
दरअसल क्षेत्र में करीब 15 दिनों से अवैध रूप से मिट्टी खनन चल रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार सुबह गांव सिमरिया में दबिश दी और राजेंद्र नामक युवक को हिरासत में ले लिया। ट्रैक्टर भी थाने लाकर सीज कर दिया गया। इसे लेकर जांच पड़ताल चल रही थी। बताते हैं कि कुछ सिफारिशी भी पहुंच गए थे। आरोप है कि पुलिस हिरासत में अचानक राजेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद पुलिसकर्मी भी घबरा गए।
जानकारी मिलने पर युवक के परिवार वाले थाने पहुंचे। उन्होंने दरोगा पर युवक से मारपीट करने का आरोप लगाया। फिर युवक को अपने साथ ले गए और अस्पताल में भर्ती कराया। मामला चर्चा का विषय बना रहा। इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह ने बताया कि युवक को मिट्टी खनन के मामले में गिरफ्तार किया गया था। अचानक दौरा आने के कारण उसकी हालत बिगड़ी। इसकी सूचना उसके परिजनों को दी गई थी। परिजन उसे अस्पताल ले गए हैं।
