पीलीभीत: नेपाल की सीमा से सटे गांव के प्रधान का पति और साथी नशा तस्करी में गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

माधोटांडा, अमृत विचार। सीमावर्ती इलाके की ग्राम प्रधान का पति मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त निकला। माधोटांडा पुलिस ने एक सूचना पर दबिश देकर प्रधान पति समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी की।  उनके पास से 2.230 किग्रा चरस बरामद की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।

नेपाल और उत्तराखंड सीमा के रास्ते तस्करी पर रोकथाम के लिए अधिकारियों की ओर से अलर्ट किया गया है।  सीमा पर चौकसी भी बढ़ा दी गई है। वहीं, पुलिस भी तस्करी को लेकर सुरागरसी में जुटी हुई थी। बताते हैं कि माधोटांडा पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी में लंबे समय से हजारा क्षेत्र के ग्राम टाटरगंज सिंघाड़ा के प्रधान पति सतनाम सिंह पुत्र चरन सिंह की तलाश की जा रही थी। मगर, वह हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। पुलिस सुरागरसी में जुटी रही।  माधोटांडा थाने के दरोगा मोहम्मद सैफ, प्रद्युम्न कुमार, हेड कांस्टेबल शशिकांत, कांस्टेबल रवि कुमार ने एक सूचना पर दबिश दी। डगा पुल से कलीनगर कस्बे की तरफ जाने वाले खड़ंजा मार्ग से पुलिस ने ग्राम टाटरगंज सिंघाड़ा के प्रधान पति सतनाम सिंह पुत्र चरन सिंह औ ग्राम बेला निवासी छिद्दर  उर्फ सुरेंद्र सिंह पुत्र रतन सिंह को गिरफ्तार किया। 

आरोपियों के कब्जे से 2.230 किग्रा चरस बरामद की गई। आरोपी सतनाम सिंह के पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया।  एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी पर कार्रवाई की गई। हालांकि पुलिस चरस बरामदगी से जुड़ी अधिक जानकारी नहीं जुटा सकी है। ये भी पता नहीं लग सका है कि ये चरस कहां पहुंचाई जानी थी।  इसका आगे खरीदार कौन था? इसके उत्तराखंड की तरफ से लाने की बात निकलकर सामने आई। पुलिस अन्य बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।

तो दूसरे को फंसाने के चक्कर में अपने ही खोदे गए गड्ढे में फंस गए
इस कार्रवाई के बाद एक और चर्चा हजारा क्षेत्र में तेज है। बताते हैं कि क्षेत्र में बहुचर्चित एक मामले में अभी कुछ दिन पहले ही एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें एक परिवार में मादक पदार्थ की सूचना पर पुलिस के दबिश देने के बाद विवाद होने की बात सुर्खियों में रही थी। बताते हैं कि इस मामले की जांच के दौरान ही प्रधान पति के मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े होने की जानकारी पुलिस तक पहुंच गई। शनिवार को प्रधान पति पर हुई कार्रवाई के बाद इसे जोड़कर ही चर्चाएं होती रही।

धर्म परिवर्तन मामले में भी नामजद है प्रधान पति
नेपाल सीमा से सटे इलाके में इन दिनों धर्म परिवर्तन का शोर मचा हुआ है। शासन स्तर तक मामला पहुंच चुका है।  विहिप बजरंग दल की टीमें भी क्षेत्र में डेरा जमाए हैं। इसे लेकर पुलिस के स्तर से भी जांच पड़ताल की जा रही है। विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से इस संबंध में जानकारी कर रहे हैं।  बताते हैं कि माधोटांडा पुलिस द्वारा चरस तस्करी में पकड़ा गया सतनाम सिंह भी तेरह मई को हजारा थाने में दर्ज की गई धर्म परिवर्तन से जुड़ी एफआईआर का मुख्य आरोपी भी है। हालांकि  धरपकड़ होने को लेकर हजारा पुलिस भी अनभिज्ञता जता गई। एसओ हजारा सिद्धार्थ उपाध्याय का कहना है कि  धर्म परिवर्तन मामले की जांच चल रही है। इसमें नामजद आरोपी के माधोटांडा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी में पकड़े जाने की जानकारी नहीं है।

इंस्पेक्टर माधोटांडा अशोक पाल ने बताया कि अवैध चरस के साथ दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर जेल भेजा गया है। आरोपी सतनाम सिंह हजारा क्षेत्र के ग्राम टाटरगंज सिंघाड़ा का प्रधान पति है। उसके पास से तमंचा भी बरामद हुआ है।  धर्म परिवर्तन को लेकर इस पर रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी नहीं है। इसके बारे में हजारा पुलिस से पता किया जाएगा। 

संबंधित समाचार