ब्रजेश पाठक के खिलाफ सपा की टिप्पणी से नाराज भाजपा ने अमेठी में फूंका अखिलेश यादव का पुतला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमेठी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के डीएनए जांच की मांग से संबंधित समाजवादी पार्टी (सपा) के मीडिया प्रकोष्ठ की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से नाराज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला दहन किया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ज़िला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यादव का पुतला फूका और विरोध में नारे लगाए।

शुक्ला ने कहा कि सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने पाठक की मां को लेकर बहुत ही अमर्यादित और अशोभनीय पोस्ट की थी, जिसे लेकर भाजपा और पूरे ब्राह्मण समाज में जबरदस्त आक्रोश है। उन्होंने कहा कि आज इसी के खिलाफ शहर के राजर्षि तिराहे पर अखिलेश यादव का पुतला फूंका गया है।

सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि “बात-बात पर सपा के डीएनए पर बयानबाजी करने वाले ब्रजेश पाठक जी अपना डीएनए अवश्य चेक करवाएं और उसकी रिपोर्ट सोशल मीडिया पर जरूर डालें जिससे उनका असली डीएनए तो पता चले।”

सपा की इस पोस्ट में आगे अत्यंत आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। हालांकि बाद में समाजवादी पार्टी ने पोस्ट हटा दी लेकिन इसको लेकर भाजपा में काफी आक्रोश है और समाजवादी पार्टी व उसके प्रमुख यादव के खिलाफ प्रदर्शन की शुरुआत कर दी है।

संबंधित समाचार