बरेली: अब एक क्लिक पर पता चलेगा कोरोना जांच केंद्र
बरेली,अमृत विचार। शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में जल्द ही लोगों की सुविधा के लिए कोविड केंद्र बनाने की रूपरेखा तैयार की है। ‘मेरा कोविड केंद्र’ नाम का मोबाइल एप जल्द लॉन्च होने जा रहा है। प्रदेश सरकार से जारी होने वाले इस मोबाइल एप का लाभ सीधे तौर पर लोगों को …
बरेली,अमृत विचार। शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में जल्द ही लोगों की सुविधा के लिए कोविड केंद्र बनाने की रूपरेखा तैयार की है। ‘मेरा कोविड केंद्र’ नाम का मोबाइल एप जल्द लॉन्च होने जा रहा है। प्रदेश सरकार से जारी होने वाले इस मोबाइल एप का लाभ सीधे तौर पर लोगों को मिलेगा और उन्हें एक क्लिक पर ही पता लगेगा कि सबसे नजदीक किस जगह कोरोना संक्रमण की जांच हो रही है।
फिलहाल मोबाइल एप लिंक के जरिए स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों को भेजी गई है। इसके बाद जिले के सभी संबंधित डॉक्टर मोबाइल एप ‘मेरा कोविड केंद्र’ के लिए लोकेशन निर्धारित करते रहे। लांचिंग के साथ ही यह सुविधा प्ले स्टोर पर आमजन के लिए भी शुरू हो जाएगी। एप के जरिए यह भी पता चलेगा कि मेरा कोविड केंद्र पर आरटी-पीसीआर जांच होगी, एंटीजन टेस्ट होगा या फिर दोनों जांच।
अन्य मोबाइल एप की तरह ही ‘मेरा कोविड केंद्र’ एप को शुरू करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना होगा। जिला अस्पताल के एपीडर्मीलॉजिस्ट डा. मीसम अब्बास बताते हैं कि कोरोना वायरस पर पूरी तरह काबू पाने में अभी कुछ समय लगेगा। इसलिए सरकार ने फैसला लिया है कि अलग-अलग जगह लंबे समय तक कोविड केंद्र खोले जाएंगे। एप पर संबंधित कोविड केंद्र के लैब टेक्नीशियन व प्रभारी का नंबर भी होगा जिससे लोग जरूरी जानकारी ले सकेंगे।
20 केंद्र बनाने की तैयारी
जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर करीब 38 स्वास्थ्य केंद्र हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल और 300 बेड कोविड अस्पताल में भी कोरोना जांच होती है। शुरुआती तौर पर करीब 20 स्वास्थ्य केंद्र पर ‘मेरा कोविड केंद्र’ की सुविधा शुरू की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हर पांच किलोमीटर पर एक कोविड केंद्र बनाया जाएगा।
“शहर में जल्द कोविड केंद्र स्थापित किए जाएंगे, इसके लिए शासन स्तर से मेरा कोविड केंद्र नाम से एप लान्च करने की तैयारी की जा रही है। इससे अधिक से अधिक सैंपलिंग के साथ ही लोगों को घर बैठे सैंपल कराने की सुविधा भी मिलेगी।” -डा. रंजन गौतम, जिला सर्विलांस अधिकारी
