बरेली: 2022 तक हाईटेक होंगे शहर के प्रमुख चौराहे
बरेली,अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत अभी शहर के प्रमुख चौराहे हाईटेक होने जा रहे हैं। इसे लेकर एसपी ट्रैफिक ने अपना खाका तैयार कर लिया है। 2022 तक शहर के सभी चौराहे हाईटेक कैमरों से लैस हो जाएंगे। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर खुद ब खुद चालान कट जाएगा। 2022 में …
बरेली,अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत अभी शहर के प्रमुख चौराहे हाईटेक होने जा रहे हैं। इसे लेकर एसपी ट्रैफिक ने अपना खाका तैयार कर लिया है। 2022 तक शहर के सभी चौराहे हाईटेक कैमरों से लैस हो जाएंगे। इस दौरान ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने पर खुद ब खुद चालान कट जाएगा।
2022 में शहर बदला-बदला नजर आएगा। वजह है कि स्मार्ट सिटी की योजना में ट्रैफिक पुलिस ने भी अलग से योजना बनाई है। जिसमें उसे यातायात नियमों का पालन कराने पर ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। एसपी ट्रैफिक ने मंडलायुक्त को भेजे गए प्रस्ताव में बताया कि स्मार्ट सिटी योजना में इंटीग्रेटड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत हाई लैंस वाले कैमरे शहर के चौकी चौराहा,अय्यूब खां चौराहा,चौपुला चौराहा, शाहमतगंज चौराहा, डेलापीर चौराहा, कुतुबखाना चौराहा, मिनी बाईपास समेत शहर के कई चौराहे पर लगाए जाएंगे।
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि इसका खाका बनाकर मंडलायुक्त को सौंप दिया है। उन्होंने भी इसे लागू करने के आदेश दे दिए हैं। जल्दी ही सर्वे के बाद इन्हें लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
150 मीटर पहले ट्रैफिक लोड की मिलेगी जानकारी
चौराहों पर लगे मैसेज डिस्प्ले बोर्ड से लोगों को ट्रैफिक लोड, हड़ताल, डायवर्जन समेत सभी जानकारियां मिल सकेंगी। इससे लोग जाम में फंसने से पहले ही रूट भी बदल सकेंगे। 150 मीटर पहले से ट्रैफिक लोड का पता करके कंट्रोल रूम को मैसेज भेज देंगे। साथ ही कैमरों से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने पर चालान खुद हो जाएगा। इन सड़कों पर स्मार्ट कैमरों के साथ ऑटोमेटिक स्पीड रडार सिस्टम लगाया जाएगा।
वाहन चोरी की घटनाओं पर भी लगेगा अंकुश
कंट्रोल रूम में बैठे स्टाफ के पास चौराहों पर लगे कैमरों की मदद से वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ने की सुविधा होगी। इससे चालान खुद जनरेट हो जाएगा और मोबाइल फोन पर आपको मैसेज आ जाएगा। चौराहों पर अपराधियों को ट्रेस करने की भी सुविधा होगी। साथ ही अगर कोई वाहन चोरी हुआ है तो उसका नंबर डालते ही इन चौराहों पर मैसेज प्रसारित होने लगेगा जिससे चोरी का वाहन निकलते ही पुलिस उसे पकड़ सकती है।
“स्मार्ट सिटी की योजना के तहत शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर इंटीग्रेटड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत कैमरे लगाए जाएंगे। जिसके तहत ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खुद चालान कट जाएंगे।” -संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक
