बदायूं: कछला गंगा घाट पर अस्थि विसर्जन के दौरान छह लोग डूबे, चार को बचाया दो लापता

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बदायूं, अमृत विचार। कछला गंगा घाट पर सोमवार को अस्थि विसर्जन के लिए आए परिवार के छह लोग स्नान करते समय बह गए। गोताखोरों द्वारा चार लोगों को बचा लिया गया है। दो अभी लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है। डूबने वालों में एक महिला भी शामिल रही। उसकी हालत गंभीर है। जिसे उझानी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है।
 
राजस्थान प्रांत के जिला भरतपुर के थाना चिटसाना क्षेत्र के गांव पीरनगर निवासी अमरीश सिंह की कुछ दिन पूर्व मृत्यु हो गई थी। उनकी मृत्यु के बाद परिवार के 35 लोग ट्रैक्टर ट्राली से अस्थि विसर्जन करने के लिए सोमवार को कछला गंगा घाट पर आए थे। सभी लोगों ने गंगा में अस्थि विसर्जन विधि को पूरा किया। उसके बाद वह लोग गंगा में स्नान करने लगे। स्नान करते वह लोग गहरे पानी में चले गए। पानी अधिक गहरा होने के कारण स्नान करते समय सुमित (17 वर्ष) पुत्र विजय सिंह, सुमीर (16 वर्ष) पुत्र रामवीर, दीवान ( 20 वर्ष) पुत्र वीर सिंह, मोनू (18 वर्ष) पुत्र इंद्रपाल, गौरव (21 वर्ष) पुत्र विक्रम सिंह, महिला नीतू डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर परिवार के अन्य सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। 

परिजनों में चीख पुकार सुनकर वहां मौजूद गोताखोर गंगा  में कूद गए। गोताखोरों ने चार लोगों को सकुशल पानी से बाहर निकाल लिया। लेकिन सुमित व सुमीर का पता नहीं चला सका। गोताखोर डूबे दोनों किशोरों की तलाश करा रहे हैं। डूबने वालों में शामिल महिला और अन्य तीन लोगों को उझानी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। इनमें महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।

संबंधित समाचार