मुरादाबाद: गार्ड बोला, हां मैंने मारी बेटे को गोली, बहू से नहीं किया दुष्कर्म
मुरादाबाद, अमृत विचार। बहू से दुष्कर्म करने की शिकायत पर बेटे की हत्या करने वाले सिक्योरिटी गार्ड ने अपना जुर्म कबूल लिया है, हालांकि वह यह तो मानने को तैयार है कि विवाद होने पर गुस्से में आकर उसने बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसका उसे पछतावा भी है, लेकिन वह …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बहू से दुष्कर्म करने की शिकायत पर बेटे की हत्या करने वाले सिक्योरिटी गार्ड ने अपना जुर्म कबूल लिया है, हालांकि वह यह तो मानने को तैयार है कि विवाद होने पर गुस्से में आकर उसने बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसका उसे पछतावा भी है, लेकिन वह बहू से दुष्कर्म करने की बात से साफ इंकार कर रहा है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में उसके नाबालिग बेटे की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
हत्या की यह वारदात बीते शनिवार को मझोला थाना क्षेत्र के लाइनपार हनुमान नगर में हुई थी। बताते हैं कि यहां पर रहने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड ने बड़े बेटे से विवाद होने पर लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पूछताछ में मालूम हुआ कि बेटे की पत्नी ने सिक्योरिटी गार्ड पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। इसकी जानकारी होने पर बड़े बेटे का पिता से विवाद चल रहा था। शनिवार को कुछ रिश्तेदार समझौते के लिए भी आने वाले थे, लेकिन इससे पहले यह वारदात हो गई। इस मामले में मृतक की पत्नी ने ससुर व छोटे देवर के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गार्ड और उसका छोटा बेटा फरार हो गए थे, हालांकि बाद में मौके पर आए छोटे बेटे ने वारदात में प्रयुक्त पिस्टल पुलिस को बरामद कराते हुए पिता को बेकसूर बताया था। बाद में हुई पूछताछ में उसने कबूल लिया था कि बड़े भाई को गोली पिता ने ही मारी थी। इसका खुलासा होने के बाद पुलिस ने नाबालिग छोटे बेटे की गिरफ्तारी दिखाते हुए चालान कर दिया था।
सोमवार को रामपुर से गार्ड को किया गिरफ्तार
बेटे की हत्या का आरोपी गार्ड लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन के आधार पर ट्रैस करने का प्रयास कर रही थी। सोमवार को काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी गार्ड को रामपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म भी कबूल लिया। दुष्कर्म की बात पर उसका कहना है कि यह आरोप गलत है। मझोला अपराध निरीक्षक अवधेश कुमार के अनुसार आरोपी का चालान कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया।
आप को बता दे कि बहू से दुष्कर्म और विरोध करने पर गोली मारकर बेटे की हत्या करने वाले आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को पुलिस ने पीछा कर सोमवार रात रामपुर बॉर्डर से गिरफ्तार किया था। घटना के बाद से आरोपी लाइनपार क्षेत्र में ही छिपा हुआ था। पुलिस ने घेराबंदी की तो वह भाग निकला था। सोमवार रात पुलिस ने पीछा कर आरोपी को रामपुर बॉर्डर से पकड़ा है।
