IPL 2025 : सूर्यकुमार का अर्धशतक, मुंबई इंडियंस के पांच विकेट पर 180 रन

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

मुंबई। सूर्यकुमार यादव (नाबाद 73) और नमन धीर (नाबाद 24) की विस्फोटक पारियों के दम पर मुंबई इंडियंस ने बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के 63वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 181 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां दिल्ली कैपिटल्स के कार्यवाहक कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और एक के बाद एक उसने 58 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। तीसरे ओवर में मुस्तफिजुर ने रोहित शर्मा (पांच) को आउट कर मुंबई को पहला झटका दिया। इसके बाद विल जैक्स (21) मुकेश शर्मा का शिकार बने। सातवें ओवर में रायन रिकलटन (25) को कुलदीप यादव ने आउट किया। चौथे बल्लेबाज के रूप में मैदान में उतरे सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि इस दौरान तिलक वर्मा (27) और उसके बाद कप्तान हार्दिक पंड्या (तीन) रन बनाकर आउट हुए। अब बारी थी नमन धीर की। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के साथ छठे विकेट के लिए तूफानी बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए अविजित 57 रन जोड़े।

मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया। सूर्यकुमार यादव ने 43 गेंदों में सात चौके और चार छक्के लगाते हुए (नाबाद 73) रनों की पारी खेली। वहीं नमन धीर ने आठ गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 24) रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स के लिए मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए। दुश्मांता चमीरा, मुस्तफिज़ुर रहमान और कुलदीप यादव ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:-

दिल्ली कैपिटल्स (एकादश):- फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), अभिषेक पोरेल, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, ट्रिस्टन स्टब्स, दुष्मंथा चमीरा, विप्रज निगम, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान और मुकेश कुमार।

मुंबई इंडियंस (एकादश):- रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह।

संबंधित समाचार