मुरादाबाद: खराब हवा से आंखों में जलन और सांस लेने की दिक्कत
मुरादाबाद,अमृत विचार। मुरादाबाद के लोगों को मौसम और प्रदूषण की मार भारी पड़ रही है। खराब हवा की वजह से आंखों में जलन और सांस लेने की दिक्कत से लोग जूझ रहे हैं। अचानक ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित दिखी और उसके बाद भी सड़कों पर धुआं उगलने वाले वाहनों की संख्या रोकी न …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मुरादाबाद के लोगों को मौसम और प्रदूषण की मार भारी पड़ रही है। खराब हवा की वजह से आंखों में जलन और सांस लेने की दिक्कत से लोग जूझ रहे हैं। अचानक ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित दिखी और उसके बाद भी सड़कों पर धुआं उगलने वाले वाहनों की संख्या रोकी न जा सकी।
विधान परिषद चुनाव में मतदान और साप्ताहिक बाजार बंदी के बाद भी शहर के एक्यूआई में सुधार नहीं दिखा। दिवाली के बाद से वायु प्रदूषण में सुधार नहीं दिख रहा है। मंगलवार को भी मुरादाबाद देश के दस प्रमुख प्रदूषित शहरों से बाहर नहीं हो पाया। चुनाव ड्यूटी और प्रदूषण के मुद्दे पर विभागों के अलर्ट का कही भी असर नहीं दिखा। नगर निगम और अग्निशमन विभाग द्वारा पौधों पर पानी की बौछार की गतिविधि भी बंद है।
उधर, मौसम विज्ञानी इस बात को लेकर परेशान है कि अभी भी पर्यावरण संरक्षण के कारगर उपाय नहीं हो रहे हैं। हिंदू कालेज के वनस्पति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डा.अनामिका त्रिपाठी का कहना है कि मौसम में आर्द्रता बढ़ने के बाद मौसम और खतरनाक होगा। कोहरा के दिनों में हवा आकाश में ऊपर नहीं जा सकेगी। इसकी वजह से लोगों को और दिक्कत होगी। अभी से दिन में धुंध का नजार दिख रहा है।
देश के दूषित हवा वाले शहर
शहर वायु गुणवत्ता सूचकांक
गाजियाबाद 427
नोयडा 391
बुलंदशहर 394
ग्रेटर नोयडा 390
कानपुर 382
मुजफ्फरनगर 378
मुरादाबाद 377
दिल्ली 371
बागपत 366
मेरठ 341
(एक्यूआई स्रोत- केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की साइट)
यह है हवा सूचकांक मानक
00- 050 अच्छा
51-100 संतोषजनक
101- 200 मध्यम
201- 300 खराब
301-400 बहुत खराब
401-500 गंभीर
कोहरे का रहेगा प्रकोप, झेलनी पढ़ेगी ठंड की मार
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों को सर्द हवाओं ने अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। मंगलवार को तड़के का कोहरा लोगों को डरा गया। इस बीच सुबह से रात तक तापमान गिरता रहा। संभावना इस बात की है कि 10 दिसंबर के बाद से पूरी दिन धना कोहरा छाया रहेगा। इस बार लोगों को ठंड का सितम और भी ज्यादा झेलना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पिछली साल की अपेक्षा अबकि ठंड का प्रकोप ज्यादा रहेगा। मौसम विशेषज्ञ डा.आरके सिंह का कहना है कि आने दिसंबर माह के पहले सप्ताह से ही ठंड का प्रकोप झेलना पड़ेगा। उधर, मंगलवार को अधिकतम 24.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
