मुरादाबाद: नौतपा के दूसरे दिन तपे लोग, तेज धूप से बढ़ी उमस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। नौतपा के दूसरे दिन सोमवार को तेज धूप से उमस बढ़ी। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले दो तीन दिन ऐसे ही मौसम रहने का अनुमान जताया गया है। फिलहाल मानसून की बारिश के लिए जून के दूसरे सप्ताह तक का इंतजार करना होगा।

दो दिन से हल्के बादल होने पर भी बारिश नहीं हुई। लेकिन वातावरण में नमी बनी रही। जिससे लू का असर नहीं रहा। लेकिन रविवार से प्रारंभ हुए नौतपा के पहले दिन प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का असर दिखा। मगर सोमवार को तेज धूप से उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता 47 प्रतिशत रहा। 10.6 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दक्षिण पूर्व दिशा की ओर से हवा चली। दिन में तेज धूप से लोग बचने के लिए छांव की तलाश में भटके। वहीं पानी की भी तलाश करते दिखे। अधिकांश लोग बोतलबंद पानी के सहारे रहे।

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि पंतनगर के मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह ने बताया कि अरब सागर से दक्षिण पश्चिम के राज्यों में मानसून सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश हुई है। जहां तक उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड का सवाल है यह मानसून की गति पर निर्भर करेगा। फिलहाल मौसम दो तीन दिन सामान्य रहेगा। कभी हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी। मानसून की दस्तक जून के दूसरे सप्ताह में 10-12 जून तक हो सकती है। यदि मानसूनी हवाओं की गति धीमी हुई तो इसमें और विलंब हो सकता है।

संबंधित समाचार