बरेली: अगवा कर कार में ले गए, फिर हत्या कर रेलवे आवास में फेंका शव
बरेली, अमृत विचार। तीन दिन पहले बेटे से ही कन्फर्म करके बाप का अपहरण करना और फिर हत्या कर देना। इस वारदात को अंजाम देने का घटनाक्रम एकदम फिल्मी है। बुधवार को इज्जतनगर के न्यू माडर्न रेलवे कॉलोनी में बंद पड़े आवास में एक शख्स का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिस शख्स का …
बरेली, अमृत विचार। तीन दिन पहले बेटे से ही कन्फर्म करके बाप का अपहरण करना और फिर हत्या कर देना। इस वारदात को अंजाम देने का घटनाक्रम एकदम फिल्मी है। बुधवार को इज्जतनगर के न्यू माडर्न रेलवे कॉलोनी में बंद पड़े आवास में एक शख्स का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिस शख्स का शव मिला उसका अपहरण कार सवार युवकों ने तीन दिन पहले किया था।
कार सवार बदमाशों ने अपहरण करने से पहले बेटे से पूछा कि साथ में चल रहे शख्स तुम्हारे पिता हैं क्या? बेटे ने हां की तो उसके पिता का अपहरण करके ले गए। मंगलवार को बेटे ने नगरिया परीक्षित के फौजी व उसके साथियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करायी। सीबीगंज थाना पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट में हत्या की धारा बढ़ाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के नगरिया परीक्षित गांव निवासी 30 वर्षीय राजू पुत्र लाखन मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता था। वह पिछले एक सप्ताह से सीबीगंज के पस्तोर गांव में टीकाराम के मकान में किराये पर रह रहा था। राजू के चचेरे दामाद अरविंद ने बताया कि राजू सोमवार को अपने बेटे के साथ बाइक से बाजार गए थे। रास्ते में अनजान युवक बात करने के बहाने उन्हें अलग ले गया।
आरोप है कि इसी बीच एक कार आई जिसमें तीन लोग सवार थे। कार सवार बदमाश उन्हें अपने साथ ले गए। बेटे ने काफी दूर तक उनका पीछा भी किया लेकिन टोल प्लाजा फतेहगंज पश्चिमी के बाद कार का पता नहीं चल सका। कई घंटे तलाशने के बाद भी जब पिता नहीं मिले तो वह रात में सीबीगंज थाना में पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने भी उसे तलाशने का प्रयास किया और फिर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बुधवार को इज्जतनगर क्षेत्र के अंतर्गत न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी के एक खाली पड़े आवास से बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। पुलिस ने मकान के अंदर जाकर देखा तो शव पड़ा हुआ था। परिजनों ने शव की पहचान राजू के रूप में की। मृतक की पत्नी शीला ने पति की हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
70 लाख रुपये का मकान, चंद पैसों में करा लिया था नाम
राजू की पत्नी ने बताया कि करीब 14 साल पहले गांव के ही रहने वाले वकील अहमद ने उनके 150 गज में बने मकान का सौदा किया था। आरोप है कि कुछ पैसे देकर उसने अपने नाम मकान की रजिस्ट्री करा ली थी। बाकी पैसे बाद में देने को बोला था। पत्नी ने आशंका जताई है कि मकान के विवाद में ही उसके पति की हत्या की गई है। जिस जमीन को लेकर विवाद है, उस पर अब दो मंजिला मकान बन चुका है।
पकौड़ी खरीदने के बाद हुआ अपहरण
राजू बेनीपुर के अलीगंज में अपनी ससुराल में रह रहा था लेकिन उसने 20 नवंबर को किराये पर पस्तौर में कमरा लिया था। पहले उसके साथ में एक बेटा रहने आया जो तीन-चार दिन बाद चला गया। उसके बाद पत्नी आयी। 30 नवंबर को पत्नी सभी बच्चों को लेकर आयी। उसके बाद काम से राजू भी घर आया लेकिन पांच मिनट बाद ही बेटे के साथ बाजार चला गया। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। बेटे ने पकौड़ी वाली दुकान के पास से अपहरण की बात बताई है। पुलिस पूछताछ में पकौड़ी वाले ने भी दोनों के वहां पहुंचने की जानकारी दी है। अब पुलिस मोबाइल डिटेल भी खंगाल रही है।
“मृतक के परिजनों ने कार सवारों पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है। इज्जतनगर में शव मिला है। अपहरण की रिपोर्ट पहले ही दर्ज थी जिसमें हत्या की धारा बढ़ाई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” -बच्चू सिंह, थाना प्रभारी सीबीगंज
