रामपुर: दो लाख रुपये और बाइक नहीं मिली, पत्नी को दिया तलाक
रामपुर,अमृत विचार। दहेज में दो लाख और बाइक नहीं मिलने पर ससुरालियों ने महिला को पीटकर भगा दिया। पति ने महिला के मायके जाकर उसको तलाक दे दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सहित छह पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शहजादनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला का कहना है कि उसका निकाह तीन साल पहले मुस्लिम रीति रिवाज से पटवाई के ऐचोरा निवासी तौफीक से हुआ था। निकाह के समय काफी दहेज ससुरालियों को दिया था। लेकिन इस दहेज से महिला पति तौफीक, जेठ शफीक, देवर लईक, ननद नाजमा, सोबीना, रुबीना खुश नहीं थे। निकाह के बाद से कम दहेज लाने के लिए उसको परेशान करने लगे।
उससे दो लाख रुपये और एक बाइक की मांग कर दी थी। महिला का कहना है कि उसका देवर लईक मौका पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें किया करता था। एक बार रेप का प्रयास भी किया। जब महिला ने अपने पति को यह बात बताई तो उसको चुप करा दिया। उसके बाद 10 फरवरी 2024 को ससुरालियों ने महिला को भगा दिया। इसके बाद वह मायके आ गई। उसके बाद थाने में तहरीर दी। आरोप है कि कुछ दिन पहले ससुराली महिला के मायके आ गए। उसके साथ मारपीट की। पति ने तलाक दे दिया। उसने थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने पति सहित छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
