अमरोहा: प्रापर्टी डीलर की कार को ओवरटेक कर बदमाशों ने बरसाई गोलियां, घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अमरोहा। कार सवार बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर की कार को ओवरटेक करके गोलियां बरसा दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में घायल को मुरादाबाद के साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरेराह गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घायल छात्र नेता रहा है …

अमृत विचार, अमरोहा। कार सवार बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर की कार को ओवरटेक करके गोलियां बरसा दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में घायल को मुरादाबाद के साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरेराह गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घायल छात्र नेता रहा है और प्रसपा की राजनीति करता है। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

बुधवार को पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल की माता के अंतिम संस्कार से घर लौट रहे प्रापर्टी डीलर मोहित चौधरी पर बदमाशों ने गोलियां बरसा दी। मोहित को चार गोलियां लगी है। हमलावर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल को साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार की रात करीब सात बजे रजबपुर थाना क्षेत्र में अतरासी हसनपुर मार्ग पर गांव रायपुर शहजादपुर के मोड़ का मामला है।

मूल रूप से जनपद संभल के असमौली थाना क्षेत्र के गांव भवालपुर बांसली के रहने वाले विजयपाल सिंह अब मुरादाबाद की बुद्धि विहार कालोनी के सेक्टर 4-ए में रहते हैं। परिवार में पत्नी जगवती देवी, दो बेटे अमित चौधरी व मोहित चौधरी हैं। उनका छोटा बेटा मोहित चौधरी ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहा है। लिहाजा वह गांव में ही आकर रहने लगा है।

बताया जा रहा है कि मोहित चौधरी मुरादाबाद के चर्चित दीपक चौहान मर्डर केस में भी जमानत पर जेल से बाहर है। मोहित चौधरी गांव के ही अपने साथी भूरा व पास के गांव सलारपुर निवासी प्रदीप कुमार के साथ पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल की माता के अंतिम संस्कार में तिगरी में शामिल होने गया था। शाम को तीनों युवक कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वह अतरासी से हसनपुर रोड पर गांव रायपुर शहजादपुर के पास पहुंचे तो पीछे से आई कार ने उनकी कार को ओवरटेक किया तथा आगे लगा दी। कार सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। घटना में मोहित को चार गोली लगी हैं।

घटना को अंजाम देकर हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। ताबड़फोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। दोनों तरफ के वाहन भी थम गए। गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोगों को गोली नहीं लगी। घटना के फौरन बाद मोहित को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहित के चाचा कृपाल सिंह ने बताया कि गोली मारने वाले कौन थे इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता।

जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटना स्थल पर कोई नहीं मिला। प्रभारी निरीक्षक रजबपुर अरविंद कुमार ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। घायल युवक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार