बरेली: परास्नातक के कई पाठ्यक्रमों की फिर से जारी होगी मेरिट
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक की खाली सीटों पर द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान 496 आवेदन आए हैं। एमए के कई विषयों में खाली सीटों से अधिक आवेदन आने की वजह से अब फिर से प्रवेश के लिए मेरिट जारी की जाएगी। जिन विषयों में मेरिट नहीं जारी की जाएगी उनके …
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में परास्नातक की खाली सीटों पर द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया के दौरान 496 आवेदन आए हैं। एमए के कई विषयों में खाली सीटों से अधिक आवेदन आने की वजह से अब फिर से प्रवेश के लिए मेरिट जारी की जाएगी। जिन विषयों में मेरिट नहीं जारी की जाएगी उनके प्रवेश 3 दिसंबर से शुरू हो सकते हैं।
इसके अलावा जिनकी मेरिट जारी की जाएगी उनके प्रवेश 4 दिसंबर से होंगे। महाविद्यालय 3 दिसंबर को मेरिट जारी करेगा। हालांकि, एमए दर्शनशास्त्र, एमए संस्कृत समेत कई ऐसे विषय हैं जिनमें दूसरे चरण में भी कम आवेदन आए हैं। इससे साफ है कि इन विषयों की सीटें खाली ही रह जाएंगी।
बता दें कि विश्वविद्यालय ने कई महाविद्यालयों में एमए की सीटें खाली रहने के चलते परास्नातक में प्रवेश का द्वितीय चरण शुरू किया था। इसके तहत 24 नवंबर से आवेदन कराए गए थे। विश्वविद्यालयों ने महाविद्यालयों को 2 दिसंबर तक प्रवेश सुनिश्चित करने का आदेश दिया था। बरेली कॉलेज ने 1 दिसंबर को पोर्टल बंद किया था।
बरेली कॉलेज के प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह ने बताया कि द्वितीय चरण में कुल 496 आवेदन आए हैं जिसमें एमए इतिहास, राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, उर्दू व अन्य में खाली सीटों से अधिक आवेदन आ गए हैं। इसकी वजह से बिना मेरिट के प्रवेश नहीं हो सकता है। एक दिन में मेरिट जारी कर प्रवेश लेना मुश्किल था। इसी के चलते प्राचार्य ने विश्वविद्यालय में कुलसचिव से मुलाकात कर तारीख बढ़ाने की मांग की थी। अब निर्धारित तिथि में मेरिट जारी कर प्रवेश किए जाएंगे।
प्रवेश समन्वयक ने बताया कि एमए के विभिन्न विषयों में द्वितीय चरण के लिए मेरिट 3 दिसंबर 2020 को जारी कर दी जाएगी। मेरिट में स्थान पाने वाले अभ्यर्थी संबंधित विभागों में 4 एवं 5 दिसंबर को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक प्रवेश अवश्य ले लें। कोई भी अभ्यर्थी यदि स्वयं उपस्थित होने में असमर्थ हो तो अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों को किसी अपने सगे संबंधी को देकर व संबंधित विभागों में उसे भेज कर प्रवेश सुनिश्चित करा सकता है।
8 दिसंबर तक प्रवेश ले सकेंगे महाविद्यालय
रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने द्वितीय चरण की प्रवेश प्रक्रिया के तहत महाविद्यालयों में प्रवेश की तिथि को 6 दिन बढ़ा दिया है। अब महाविद्यालय 2 की बजाय 8 दिसंबर तक प्रवेश ले सकेंगे। कुलसचिव के आदेशानुसार परास्नातक, एलएलबी व बीपीएड में ऑनलाइन प्रवेश के तहत अंक संशोधन या अंक अंकित करने की अंतिम तिथि 8 दिसंबर निर्धारित की गई है। महाविद्यालयों को 8 दिसंबर तक द्वितीय चरण के प्रवेश सुनिश्चित करने होंगे। महाविद्यालय अपने लॉगिन में एडिट मार्क के ऑप्शन पर जाकर अंक संशोधित कर सकेंगे और जो विद्यार्थियों अपने अंक का उल्लेख नहीं कर सके हैं, उनके अंक भी पोर्टल पर उल्लेखित कर सकेगा।
