खुलासा: दोस्तों के साथ मिलकर की थी पत्नी की हत्या, तीन गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण जितेंद्र ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस को गुमराह करने का नाटक रचा था। आरोपी पति को हिरासत में लेने के बाद जब उससे पूछताछ की तो उसने यही कबूल किया। साथ ही वारदात …

मुरादाबाद,अमृत विचार। पत्नी के चरित्र पर शक होने के कारण जितेंद्र ने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस को गुमराह करने का नाटक रचा था। आरोपी पति को हिरासत में लेने के बाद जब उससे पूछताछ की तो उसने यही कबूल किया। साथ ही वारदात में शामिल अपने दोस्तों के नाम भी कबूल लिए।

पुलिस ने पूछताछ के बाद वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद लूट की बाइक व जेवर बरामद कर लिए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने पति समेत तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।

घटना सोमवार देर रात मझोला थाना क्षेत्र के ग्राम गागन वाली मैनाठेर में हुई थी। गांव निवासी जितेंद्र कुमार बर्तन बनाने का काम करता है। दो वर्ष पहले उसका विवाह सम्भल जिले के थाना नखासा क्षेत्र के ग्राम फतुल्लागंज निवासी रूपवती की बेटी मंजू के साथ हुआ था। गांव में दोनों पति-पत्नी साथ रह रहे थे।

सोमवार की देर रात जितेंद्र ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया तो तमाम ग्रामीण मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने देखा कि मंजू का शव जमीन पर पड़ा है। पूछने पर उसने बताया कि देर रात वह बाथरूम गया था, तभी नकाबपोश पांच बदमाशों ने उसे दबोच लिया। कमरे में ले जाकर उसके व पत्नी मंजू के हाथ-पैर बांधकर लूटपाट करने लगे। पत्नी से जेवर मांगे तो उसने विरोध किया। आरोप है कि बदमाशों ने गला दबाकर मंजू की हत्या कर दी और बाइक, मोबाइल फोन पर और गहने लूटकर फरार हो गए।

मायके वालों ने लगाया था जितेंद्र पर हत्या का आरोप
मंजू की हत्या की सूचना पर मायके वाले भी मौके पर आ गए। मंजू की मां रूपवती ने जीतेंद्र और उसकी भाभी पर हत्या करने का शक जताया। उनका कहना था कि जितेंद्र के अपनी भाभी से अवैध संबंध थे, जानकारी होने पर मंजू इसका विरोध करती थी। जिस कारण अक्सर जितेंद्र उसकी पिटाई करता था। रक्षाबंधन के मौके पर मंजू को इस कदर पीटा कि उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद मंजू मायके आकर रहने लगी थी।

भैया दूज के मौके पर जितेंद्र घर आया और माफी मांगने लगा। दोबारा मारपीट न करने का आश्वासन देकर मंजू को करीब 15 दिन पहले घर ले आया था। यह जानकारी होने के बाद पुलिस ने शक के दायरे में आए जितेंद्र को हिरासत में ले लिया था। बाद में रूपवती की तहरीर पर जीतेंद्र, उसके भाई और भाभी के खिलाफ मझोला थाने में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।

एक माह पहले हत्या की साजिश रच ली थी
जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो कहानी कुछ और ही निकली। जहां मायके वाले जितेंद्र के चरित्र पर सवाल उठा रहे थे वहीं अपने बयानों में जितेंद्र ने मंजू के चरित्र पर शक होने की बात कही। इस घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि शादी के बाद से ही जितेंद्र को पत्नी पर शक था। साथ ही वह अक्सर पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दवाब डालता था।

बकौल एसपी सिटी, करीब एक माह पहले ही जितेंद्र ने पत्नी की हत्या करने की साजिश रच ली थी। उसने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले मझोला थाना क्षेत्र के करुला निवासी शावेज को शामिल किया। शावेज को बाइक व जेवर देने का लालच दिया। इसके बाद शावेज ने कटघर थाना क्षेत्र के पीतलनगरी निवासी अरविंद और टिंकू को भी प्लान में शामिल किया। तय प्लान के तहत तीनों 30 नवंबर की रात जीतेंद्र के घर पहुंचे। फिर सभी ने गला दबाकर मंजू की हत्या कर दी।

बकौल एसपी सिटी, फिर जितेंद्र ने शावेज से कहा कि उसके हाथ-पैर बांधकर घर के बाहर ताला लगाकर चले जाओ, जाते समय वह लोग बाइक-जेवर लेकर चले गए। उन्होंने बताया कि आरोप पति जितेंद्र के अलावा शावेज व अरविंद को गिरफ्तार कर लूट की बाइक व जेवर बरामद कर लिया गया है। जबकि फरार चौथे आरोपी टिंकू की तलाश की जा रही है।

खुलासे से खुश नहीं हैं मायके वाले
भले ही मझोला पुलिस 11 घंटे में घटना का खुलासा करने में सफल हो गई हो लेकिन मायके वालों को यह हजम नहीं हो रहा है। जहां मायके वाले जितेंद्र के चरित्र पर शक जता रहे थे वहीं पुलिस ने जितेंद्र के बयानों के आधार पर मंजू के चरित्र पर ही सवालिया निशान लगा दिए। यह खुलासा होने के बाद मायके वालों का कहना है कि जितेंद्र हमेशा उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। वह लोग घर टूटने के डर से शांत थे। जितेंद्र ने जो भी आरोप लगाए हैं, वह निराधार हैं।

संबंधित समाचार