शाहजहांपुर: बुजुर्ग के कपड़ों पर गंदगी डालकर ले गए रुपयों से भरा बैग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर), अमृत विचार। शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में अपराधियों पर पुलिस का खौफ दिखाई नहीं दे रहा। मीरानपुर कटरा थाने और पुलिस पिकेट से कुछ दूरी पर एक बुजुर्ग से टप्पेबाज तीस हजार रुपये लेकर चले गए। बुजुर्ग चिल्लाता रह गया मगर चीखें पुलिस तक नहीं पहुंच सकीं। बुजुर्ग को चिल्लाता देखकर भीड़ …

मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर), अमृत विचार। शाहजहांपुर के मीरानपुर कटरा में अपराधियों पर पुलिस का खौफ दिखाई नहीं दे रहा। मीरानपुर कटरा थाने और पुलिस पिकेट से कुछ दूरी पर एक बुजुर्ग से टप्पेबाज तीस हजार रुपये लेकर चले गए। बुजुर्ग चिल्लाता रह गया मगर चीखें पुलिस तक नहीं पहुंच सकीं। बुजुर्ग को चिल्लाता देखकर भीड़ एकत्र हो गई। दिनदहाड़े सरेराह वारदात के बावजूद पुलिस अभी तहरीर के इंतजार में हाथ पर हाथ धरकर बैठी है।

वारदात मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र की है। यहां पर जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव जुझारपुर के रहने वाले हरिराम (55) ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 11 बजे कटरा-खुदागंज रोड पर स्थित स्टेट बैंक से रुपये निकालने आए थे। उन्होंने वहां से 35 हजार रुपये निकाले। रुपये निकालकर उन्होंने पांच हजार रुपये जेब में डाल लिए। बाकी तीस हजार रुपये अपने बैग में डाल लिए। वहां से अपने घर जाने के लिए चल दिए।

तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके कपड़ों पर कुछ डाल दिया। युवकों ने उनसे कहा कि उनके कपड़ों पर कुछ लगा है। बुजुर्ग वहीं स्टेट बैंक के पास मस्जिद के पास लगे नल पर बैग रखकर कपड़े साफ करने लगे। इतने में बाइक सवार युवक ने बुजुर्ग का बैग उठाया और साथी के साथ वहां से फरार हो गए। युवकों को भागता देखकर हरिराम जोर-जोर से चिल्लाने लगे। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।

हरिराम ने बताया कि उन्होंने ये रुपये अपने घरेलू खर्च के लिए निकाले थे। एसएसआई संतोष सिंह ने बताया कि अभी कोई नहीं आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का लापरवाही भरा रवैया
वारदातस्थल से थोड़ी दूर पर ओवरब्रिज के नीचे पुलिस तैनात रहती है। थाना भी पास में ही है। इसके बावजूद पुलिस सक्रिय नहीं हुई। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस तेजी दिखाती तो शायद टप्पेबाज पकड़ लिए जाते। सरेराह होने वाली वारदात में भी पुलिस कार्रवाई के लिए तहरीर का इंतजार कर रही है।

संबंधित समाचार