बरेली: किसान आंदोलन के चलते दिल्ली बार्डर पर फंसा करोड़ों का माल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किसानों के आंदोलन के कारण दिल्ली बार्डर जाम होने से बरेली से पंजाब, हरियाणा गए ट्रक माल लेकर नहीं लौट नहीं पा रहे हैं। इससे ट्रंसपोर्टर्स और व्यापारी दोनों परेशान हैं। ट्रांसपोर्टरों की मानें तो हार्डवेयर, कपड़ा आदि माल लदे करीब 60 ट्रक तमाम स्थानों पर फंसे हैं। इधर, व्यापारियों के मुताबिक …

बरेली, अमृत विचार। किसानों के आंदोलन के कारण दिल्ली बार्डर जाम होने से बरेली से पंजाब, हरियाणा गए ट्रक माल लेकर नहीं लौट नहीं पा रहे हैं। इससे ट्रंसपोर्टर्स और व्यापारी दोनों परेशान हैं। ट्रांसपोर्टरों की मानें तो हार्डवेयर, कपड़ा आदि माल लदे करीब 60 ट्रक तमाम स्थानों पर फंसे हैं। इधर, व्यापारियों के मुताबिक ट्रकों के फंसे होने की वजह से करीब 70 करोड़ रुपये का माल रास्ते में फंस गया है।

दरअसल, बरेली में पंजाब के लुधियाना आदि शहरों से हर वर्ष करोड़ों रुपये के ऊनी कपड़े स्थानीय व्यापारी मंगाते हैं। कारोबारियों के मुताबिक, पिछले महीने दिवाली के बाद दिए गए आर्डर का माल अब किसान आंदोलन के कारण बीच रास्ते में रुका है।

ऑटो पार्ट्स के करीब 15 ट्रक पंजाब एवं हरियाणा के रास्ते माल लेकर बरेली आते हैं। इन ट्रकों के फंसने की वजह से भी कारोबारी परेशान हैं। इसके अलावा 30 से 35 लोहा व स्टील लदे ट्रकों के बरेली पहुंचने में संकट बना है। तीन से चार दिन यही स्थिति रहने पर दाम बढ़ने की संभावना बनी है।

ट्रांसपोर्टरों का कहना है ट्रकों के जाम में फंसे होने की वजह से माल न आने की समस्या बढ़ गई है। इतना ही नहीं तमाम ड्राइवरों को दिया गया उनका खर्च भी खत्म हो गया है। ट्रकों में चालक व क्लीनर रात बिता रहे हैं। कपड़ा व्यापारियों की मांग है किसान आंदोलन करें मगर मालवाहक वाहनों को तो छोड़ दें।

आसपास के जिलों से आते हैं थोक विक्रेता
कोरोना के चलते लुधियाना से कपड़ों की डिलीवरी इस बार देर से शुरू हुई। अब किसान आंदोलन ने रोड़ा अटका दिया है। पिछले पांच दिनों से एक नग माल भी बरेली नहीं पहुंचा है। कपड़ा कारोबारी फुरकान हुसैन बताते हैं मौसम में बदलाव और लग्न की वजह से गर्म कपड़ों की बहुत डिमांड है लेकिन बाजार में माल नहीं है। थोक कारोबारियों को लगता है कि अगर 15 दिसंबर से पहले माल फुटकर दुकानों पर नहीं पहुंचा तो मुनाफा तो दूर पूंजी निकालनी भी मुश्किल हो जाएगी क्योंकि 20 दिसंबर के बाद लोग गर्म कपड़े खरीदने से कतराते हैं। दूसरी तरफ ब्रांडेड कंपनियां भी 50 फीसदी तक छूट देने लगती हैं, इसका असर भी पड़ता है।

दो दिन से नहीं आए स्पेयर पार्ट्स
आटो स्पेयर पार्ट्स के व्यापारी चांद मिया ने बताया कि पंजाब, हरियाणा आदि राज्यों से कार, इंजन आदि के पार्ट्स आते हैं। इस वक्त माल की आवक रुक गई है। अगर तीन से चार दिन में दिल्ली बार्डर पर हालात नहीं सुधरे तो स्थिति गंभीर हो जाएगी।

ट्रकों को तय करनी पड़ रही लंबी दूरी
ट्रांसपोर्टर मोहित ने बताया हरियाणा, पंजाब से आने वाले ट्रकों को बरेली आने के लिए अब काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। आलम यह है कई जगह तो ट्रकों के जाम में फंसने की वजह से चालकों को ट्रकों में ही रात बितानी पड़ी।

संबंधित समाचार