सहारनपुर: भीषण गर्मी और पेयजल संकट से हजारों लोग बेहाल, जानिए क्या बोले मंडलायुक्त
सहारनपुर। तन को झुलसाने वाली गर्मी के बीच सहारनपुर महानगर में पेयजल का भारी संकट पैदा हो गया है। इससे करीब 50 हजार लोग सीधे प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने गुरूवार को कहा कि नगर के कुछ हिस्सों में व्याप्त पेयजल संकट के समाधान के लिए वह जल निगम और नगर निगम दोनों को संयुक्त रूप से तत्काल कार्य करने के निर्देश दे रहे हैं।
उन्होंने प्रभावित इलाकों में पानी के टेंकरों से आपूर्ति कराने की बात भी कही है। उन्होने लोगों से पानी को बहुत ही किफायत के साथ इस्तेमाल करने और जल संग्रह करने की अपील भी की। जल निगम के मुताबिक सहारनपुर महानगर में 2755 नल हैं। जल निगम के अधिकारियों ने माना कि नगर के वार्ड 35, 47 और वार्ड 50 समेत कई स्थानों पर पीने के पानी की समस्या की जानकारी मिली है।
गर्मी के दिनों में भूजल स्तर में भी गिरावट आ जाती है और भीषण गर्मी के चलते पानी का व्यय भी बढ़ जाता है। सहारनपुर नगर की जनसंख्या करीब 10 लाख है। पानी की आपूर्ति के लिए नगर में आठ ओवर हैड टैंक हैं और 235 नलकूप हैं। लेकिन नगर में बड़े हिस्से में पानी की किल्लत ने परेशान कर दिया है। वार्ड सात के दो नलकूप खराब हैं लेकिन नगर निगम उन्हें ठीक कराने पर ध्यान नहीं दे रहा है। वार्ड 37 के दो नलकूप पुराने है।
गिल कालोनी के लोगों ने पानी की समस्या होने की शिकायत अधिकारियों से की है। वार्ड 47 में जितनी पानी की आपूर्ति चाहिए उतनी वहां के नलकूपों से नहीं हो रही है। वहां के लोगों ने पंप की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग की है जिससे पानी लोगों के घरों तक पहुंच सके।
कई स्थानों पर खराब पंप बदलने पर नगर निगम ने कोई ध्यान नहीं दिया है। पुराने नलकूपों के जगह नए नलकूप लगाए जाने की मांग भी संबंधित इलाकों के लोग कर रहे हैं। माधोनगर में दिनभर पानी की समस्या बनी रहती है। पानी की आपूर्ति के लिए लोगों को रातभर जागना पड़ता है। पुराने लोहा बाजार में पानी की टंकी बहुत दिनों से टूटी पड़ी है।
पानी की समस्या को लेकर महेश वर्मा, वीना, अनिता शर्मा, राजेंद्र कुमार, संदीप अग्रवाल, कार्तिक ठकराल, मनोज सैनी, प्रमोद कुमार सैनी, आशीश अग्रवाल, नकुल शर्मा, सुदेश जैन आदि ने कहा कि बढ़ती गर्मी के साथ-साथ जल निगम और नगर निगम दोनों को जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराना चाहिए। इस संबंध में मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने कहा कि वह जल्द ही उच्चाधिकारियों की बैठक बुलाकर समस्या का अस्थाई और स्थाई समाधान अनिवार्य रूप से कराएंगे।
