Air India plane crash: अहमदाबाद विमान दुर्घटना में पूर्व CM विजय रूपाणी की मृत्यु
अहमदाबाद। अहमदाबाद विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मृत्यु हुई है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एवं गुजरात भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष सीआर पार्टिल ने विजय रूपाणी की मृत्यु की पुष्टि की है। विजय रूपाणी एयर इंडिया के उस विमान में सवार थे जो गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 230 यात्री, दो पायलट तथा चालक दल के 10 अन्य सदस्य सवार थे। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में एक यात्री जीवित बचा है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दरअसल, लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद यहां एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य सहित 242 लोग सवार थे। हादसे में 204 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। जबकि 41 लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है।
अहमदाबाद से लंदन के गैटविक के लिए उड़ान भरने वाले विमान में सवार यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता विजय रुपाणी भी थे। विमान बृहस्पतिवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट मेघाणी नगर में शहर के सिविल अस्पताल और बीजे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ के आवासीय क्वार्टर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक बयान के अनुसार, ‘‘विमान ने अहमदाबाद से अपराह्न 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी। इसने एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) को ‘मेडे’ (आपातकालीन संदेश देने के लिए) कॉल किया, लेकिन उसके बाद एटीसी द्वारा की गई कॉल का विमान से कोई जवाब नहीं मिला।’’
दुर्घटनास्थल के वीडियो में झुलसे हुए शवों को बाहर निकाले जाते तथा घायलों को, जिनमें से कई झुलसे हुए थे, नजदीक स्थित शहर के सिविल अस्पताल में ले जाते देखा जा सकता है। यह 2020 के बाद से भारत की दूसरी सबसे बड़ी विमान दुर्घटना है।
