लखीमपुर खीरी: उमस से बेहाल रहे लोग...कुछ इलाकों में बारिश से राहत

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर समेत जिले के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार को भी उमस ने बेहाल किया। हालांकि सुबह के समय निघासन और बिजुआ के कुछ इलाकों हुई बारिश और तेज हवाओं ने कुछ राहत दी, लेकिन दिन निकलते ही बादलों के बीच निकली धूप ने बेहाल किया। वहीं बिजुआ क्षेत्र मेंकरीब एक घंटे की झमाझम बारिश ने उसम भरी गर्मी से राहत दिलाने का काम किया। दिन का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय वासी बारिश न होने की वजह से मायूस रहे। सुबह बादलों की आवाजाही शुरू होने से लोग बारिश होने का अनुमान लगाने लगे थे। मगर, शाम तक बरसात न होने से मायूस होकर रह गए। बता दें कि पिछले करीब एक सप्ताह से भीषण गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान करके रख दिया था। इससे लोग जल्द से जल्द से बरसात होने की दुआ कर रहे थे। शुक्रवार सुबह बादलों का देखकर लोग बारिश होने का सपना देखकर खुश होने लगे थे, जो शाम तक चकनाचूर हो गया।
हालांकि बादलों की आवाजाही बिजुआ क्षेत्रवासियों के लिए खुशी की बात रही। सुबह करीब छह बजते ही तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। एक घंटे झमाझम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है। इससे तापमान में भी गिरावटआई है। बिजुआ क्षेत्र में हुई बरसात का असर जिले भर में दिखाई दिया।
इससे सूर्य की तपिश बेहद कम रही। बारिश होने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली तो वहीं किसानों के चेहरे खिल उठे। किसानों का कहना था कि यह बरसात किसी वरदान से कम नहीं है। भीषण गर्मी से प्रभावित फसलों में एक घंटे की बारिश ने जान डालने का काम किया है।