मुरादाबाद: पूर्व ब्लॉक प्रमुख पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला को मारी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला को बाइक सवार दो हमलावरों ने गोली मार दी। गोली महिला की पीठ में लगी। ई-रिक्शा चालक समेत दो लोगों को छर्रे लग गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने ललित कौशिक को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी इस समय बलरामपुर जेल में बंद है।

थाना मझोला क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने नौ अप्रैल 2023 को सिविल लाइंस थाने में दीन दयाल नगर निवासी पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक के खिलाफ नौकरी का झांसा देकर उसकी 16 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा तहरीर दी थी। ललित कौशिक वर्तमान में बलरामपुर जेल में बंद है और दुष्कर्म की रिपोर्ट की सुनवाई कोर्ट में विचाराधीन है। जिसके साथ दुष्कर्म हुआ था उसकी शादी हो गई है। शनिवार को पीड़िता अपनी मां और भाई के साथ अधिवक्ता से बात करने के लिए कचहरी गई थी। शाम चार बजे तीनों कचहरी से निकले और ई-रिक्शा में सवार हो गुलाबबाड़ी क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही रामगंगा घाट पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने दुष्कर्म पीड़ित पर फायरिंग कर दी। 

गोली उसकी पीठ में लगी। ई-रिक्शा चालक ताराचंद निवासी नागफनी और राहगीर सरफराज निवासी नूरी मस्जिद कटघर छर्रे लगे। बदमाश बाइक से रामगंगा रेलवे पुल के नीचे से गुलाबबाड़ी चुंगी की ओर भाग गए। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक को नामजद करते हुए दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बदमाशों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

संबंधित समाचार