कानपुर : 60 कार्यकर्ताओं की होगी मंडल कमेटी, इसी सप्ताह घोषणा

कानपुर : 60 कार्यकर्ताओं की होगी मंडल कमेटी, इसी सप्ताह घोषणा

मंडल स्तर के पदाधिकारी का इंटरमीडिएट पास होना जरूरी, पार्षद का चुनाव लड़ चुके लोग भी होंगे शामिल

अमृत विचार, कानपुर : कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में मंडल गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रविवार को इसको लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने क्षेत्रीय मुख्यालय में बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल में 60 कार्यकर्ताओं की एक मंडल कमेटी गठित होगी। जिसमें मंडल अध्यक्ष के अतिरिक्त 6 उपाध्यक्ष 2 महामंत्री 6 मंत्री 1 कोषाध्यक्ष होंगे। पाल ने बताया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हर शक्ति केंद्र से कम से कम एक पदाधिकारी मंडल कमेटी में प्रतिनिधित्व करे। निर्देशित किया कि मंडल स्तर के पदाधिकारी कम से कम इंटरमीडिएट पास होने चाहिये। इसी सप्ताह कमेटी की घोषणा होगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने 17 जिलों के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला प्रवासियों से कहा कि मंडल गठन में सामान्य, पिछड़ा, अनुसूचित जाति, महिला एवं अन्य सभी वर्गों की समान भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जानकारी दी कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में कुल 254 मंडल हैं, जिनमें से 200 मंडलों की सूची का रविवार को अनुमोदन किया गया। यह सूची संबंधित जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं जिला प्रवासियों द्वारा प्रस्तुत की गई थी।

प्रकाश पाल ने कहा कि पार्षद का चुनाव लड़ चुके कार्यकर्ताओं को कमेटी में उचित स्थान दिया जाए। कम से कम 40 फीसदी नए कार्यकर्ताओं को मंडल कमेटियों में शामिल किया जाए। ताकि संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो सके। पाल ने स्पष्ट किया कि यह मंडल कमेटियां वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा कीध्वजवाहक होंगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन के इस नवाचार को धरातल पर उतारने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। वहीं, बचे हुये मंडल अध्यक्षों की घोषणा सोमवार को हो सकती है। 

3 दिन में मंडल गठन की घोषणा होगी
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि मंडल गठन के प्रदेश नेतृत्व के मानकों निर्देश सभी मंडलों में लागू होगा। 3 दिन में मंडल गठन की घोषणा की जाएगी। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री राम किशोर साहू, पूनम द्विवेदी, शिव महेश दुबे, आनंद सिंह, अशोक राजपूत, अनिल यादव, सुनील तिवारी, देवेंद्र देव गुप्ता, राधेश्याम पांडे, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, रेणुका सचान, अन्नू गुप्ता, मुखलाल पाल, उर्विजा दीक्षित, सर्वेश कठेरिया सहित सभी जिला अध्यक्ष प्रभारी प्रवासी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:- यूपी में आकाशीय बिजली की मार : एक ही परिवार के चार लोगों समेत 10 की मौत