18 की गई जान... 13 अज्ञात लोगों के शव शहर की सड़कों व सेंट्रल स्टेशन पर मिले  

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

कानपुर, अमृत विचार। सूरज की तपिश और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। लोग सड़क पर चकराकर गिरे जा रहे हैं। अचानक हालत बिगड़ने पर शनिवार को अस्पताल पहुंचे पांच लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं विभिन्न थानाक्षेत्रों में सड़क किनारे व सेंट्रल स्टेशन पर 13 लोग मृत मिले। पुलिस और परिजनों ने हीट स्ट्रोक से मौत की आशंका जताई है।

हनुमंत विहार के खाड़ेपुर निवासी 60 वर्षीय श्रीराम गोल चौराहा के पास कृष्णा बस सर्विस में हेल्पर थे। बस चालक अशोक ने बताया कि शनिवार श्रीराम बस में ही सो गए थे। सड़क किनारे खड़ी बस में उमस के कारण उनकी हालत बिगड़ गई। रविवार सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठे तो बस चालक उन्हें देखने गए, जहां वह बेसुध पड़े थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी, अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं ग्वालटोली के अहिराना निवासी 38 वर्षीय पप्पू पत्थर घिसाई का काम करते थे। छोटे भाई अजय ने बताया कि शनिवार को वह झांसी से घर लौट रहा था। रास्ते में एक स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर उसने पानी पिया और उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार नवाबगंज में संजयपुरम आजाद नगर निवासी 35 वर्षीय अनिल कुमार सविता स्वरूपनगर में एक बंगले में गार्ड थे। बड़े भाई अशोक कुमार ने बताया कि 13 जून को नाइट ड्यूटी के दौरान गर्मी से उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चकेरी में चंदनू के खपरी गांव निवासी 55 वर्षीय छत्तू निषाद मजदूरी करते थे। वह श्यामनगर इलाके में कमरा लेकर रहते थे। चकेरी थाने के समीप शनिवार को उनकी हालत बिगड़ी और कुछ ही देर में सांसें थम गईं। फीलखाना क्षेत्र में नवाबगंज निवासी ई-रिक्शा चालक 35 वर्षीय राकेश कनौजिया की एक्सप्रेस रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास शनिवार को अचानक हालत बिगड़ी और कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया।

इधर-उधर पड़े मिले 13 अज्ञात शव 

रविवार को शहर में विभिन्न थानाक्षेत्रों में सड़क किनारे मिले 13 अज्ञात शवों का पोस्टमार्टम हुआ। पुलिस ने लू से मौत की आशंका जताई है। चकेरी में 50 वर्षीय युवक, अनवरगंज में 40-50 वर्षीय, जीआरपी सेंट्रल पर 60 वर्षीय वृद्ध, कल्याणपुर में 65 वर्षीय बुजुर्ग, जाजमऊ में 40 वर्षीय युवक, नौबस्ता में 40 वर्षीय युवक, सचेंडी में 32 वर्षीय, फजलगंज में 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला। काकादेव में 45 व 50 वर्षीय दो शव मिले, गोविंदनगर में 45 वर्षीय और कोतवाली में 50 वर्षीय अधेड़ का शव मिला। आसपास के लोगों ने लू से मौत की आशंका जताई है।

यह भी पढ़ें : सीबीआई ने वाराणसी डाकघर में मारा छापा, दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार