रामपुर: नदी में नहाने गए किशोर की डूबकर मौत...परिजनों में मचा कोहराम
रामपुर, अमृत विचार। सैफनी में साथियों के साथ रामगंगा नदी में नहाने गए किशोर की नदी में डूब जाने से मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों को मृतक के घर पर तांता लग गया।
सैफनी के जटपुरा गांव निवासी नूरुल का 10 वर्षीय पुत्र अजीम शुक्रवार करीब सुबह 10 बजे के समय गांव के ही साथी बच्चों के साथ राम गंगा नदी में नहाने गया था, नहाते समय अजीम नदी के गहरे पानी में चला गया। जिससे उसके पैर लड़खड़ा गए और वह पानी में समा गया। साथ गए बच्चों ने अजीम को पानी में डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। जिससे आसपास खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े।
आनन-फानन में अजीम को बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख पुकार मच गई। कुछ देर बाद परिजन शव को अपने घर लेकर चले गए। ग्राम प्रधान अंसार हुसैन ने बताया कि किसी भी विभाग को सूचना नहीं दी गई है। परिजन शव को दफनाने की तैयारी में लगे हुए हैं।
