कन्नौज : घरेलू विवाद में बेटे को फंदे पर लटका मां ने भी की खुदकुशी

Amrit Vichar Network
Published By Vinay Shukla
On

तालग्राम क्षेत्र के ग्राम चौखटा में साड़ी के फंदे से लटके मिले दोनों शव, ससुरालीजन फरार, मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए किया हंगामा

कन्नौज, अमृत विचार। तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम चौखटा में सनसनीखेज व हृदय विदारक घटना हुई। यहां एक महिला ने पहले चार साल के बेटे को साड़ी से फंदा बनाकर लटकाया और इसके बाद स्वयं भी खुदकुशी कर ली। दोनों के शव एक ही साड़ी से बने फंदे में लटके मिले।

घटना के समय मृतका का ससुर घर से बाहर था। जब पानी लेने घर पहुंचा तो दोनों को फंदे से लटका देख स्तब्ध रह गया। घटना की सूचना चारों तरफ पहुंची तो लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने मां-बेटे को हत्या कर शव लटकाने के आरोप ससुरालियों पर लगाए और इस संबंध में थाने में तहरीर भी दी है। उधर घटना के बाद ससुराल के लोग घर से भाग निकले। 

बताया गया कि ग्राम चौखटा निवासी अनुज कुमार पुत्र पटवारी लाल के साथ वर्ष 2019 में पिंकी (25) पुत्री राकेश चंद्र निवासी अछीपुरवा की शादी हुई थी। दोनों के एक बेटा मोहित (4) था। रविवार की सुबह पति अनुज अपने पिता व मां-बहन के साथ खेत गया था। घर पर पिंकी व उसका बच्चा ही थे। बताया गया कि पटवारी लाल सुबह 10 बजे के करीब पानी लेने के लिए घर पहुंचा तो दोनों के शव साड़ी के फंदे से लटके थे। यह देख उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी फैली तो लोगों की भीड़ लग गई। इसके साथ ही सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे।

बताया गया कि पति से हुए विवाद के बाद पिंकी ने पहले बच्चे को फंदे से लटकाया और इसके बाद खुद भी उसी साड़ी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने से पहले ससुरालीजन फरार हो गए। पुलिस ने मायके वालों को समझाकर शांत कराया। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंचकर सीओ तिर्वा प्रियंका वाजपेई ने जांच की और मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की बात कही। उधर घटना को लेकर मृतका के पिता राकेश चंद्र ने थाने में तहरीर देकर पति, ससुर, सास व ननद पर बेटी का उत्पीड़न करने के साथ ही हत्या करने का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें:- Mahoba murder : रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या

संबंधित समाचार