महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की भर्ती करेंगे: अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित और अपमानित हैं। बच्चियों की जिंदगी पर खतरा मंडराता रहता है। महिलाओं के कल्याण की जो योजनाएं सपा सरकार में शुरू की गई थी भाजपा सरकार ने उन्हें बर्बाद कर दिया है। उन पर अत्याचार हो रहा है, कोई सुनने वाला नहीं है। सपा सरकार आने पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस की भर्ती होगी।

सपा प्रमुख रविवार को पार्टी मुख्यालय में समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय एवं प्रदेश की पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकत्रियों की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। बैठक में मैनपुरी की सांसद डिम्पल यादव बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थी। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा में महिलाओं को विशेष सम्मान मिलता रहा है। नेताजी मुलायम सिंह यादव का मानना था कि स्त्री की तरक्की से समाज और राष्ट्र की तरक्की होती है। सपा सरकार में ‘‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना‘‘ शुरू की जाएगी। प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रूपये देने की व्यवस्था की जाएगी। कन्या विद्याधन से लड़कियों की शिक्षा को विस्तार मिला था।

सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना से 50 लाख महिलाएं लाभान्वित हुई थी। विधवा और गरीब महिलाओं की जिंदगी संवर गई थी। महिलाओं के लिए पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था लागू की गई थी। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सपा सरकार में 1090 वूमेन पावर लाइन शुरू की गई थी। प्रसूताओं और नवजातों को अस्पताल लाने-ले-जाने के 102 एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई थी।

यह भी पढ़ेः अखिलेश यादव का यूपी में महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान, कहा- सरकार बनते ही लागू की जाएगी योजना

संबंधित समाचार