कन्नौज : प्रेमिका की हत्या कर खुद को भी गोली से उड़ाया

कन्नौज : प्रेमिका की हत्या कर खुद को भी गोली से उड़ाया

कन्नौज, अमृत विचार :  थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से प्रेमिका के घर में घुस कर सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे पुलिस के आलाधिकारी ने जांच पड़ताल की और फिर शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया।

थाना क्षेत्र के कुठला गांव निवासी महिपाल सिंह यादव उर्फ फौजी के बेटे देवांशू उर्फ अन्नू (22) का पड़ोस के गांव सुल्तानपुर की युवती दीप्ती (21) पुत्री अशोक कुमार पाल से तीन वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने 15 दिन पहले उसकी शादी जनपद औरैया के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम चिट्ठा में तय कर दी। जिस युवक से शादी तय हुई, वह तालग्राम कस्बे में प्राइवेट क्लीनिक संचालित करता है। देवांशू ने तालग्राम जाकर उस लड़के को धमकाया और दीप्ती से शादी न करने के लिए कहा। लड़के ने दीप्ती के पिता को जानकारी दी।

 रविवार को पड़ोस के गांव नगला भजूं में दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई, जिसमें देवांशू से दीप्ती से सारे संबंध खत्म करने की बात कही थी। पंचायत में वह लड़का भी मौजूद था, जिसके साथ उसकी शादी तय हुई थी। सोमवार को सुबह तीन बजे देवांशू अपने पिता की 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक लेकर चुपचाप सुल्तानपुर पहुंच गया और छत के सहारे मकान में उतर कर कमरे में छोटी बहन दीपांशु के साथ सो रही दीप्ती के माथे में बन्दूक की नाल सटाकर गोली मार दी और भाग गया। इसके बाद करीब 15 मीटर दूर तालाब के किनारे खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ लग गई।

परिवार की तरफ से स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस में घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक को दी। जानकारी मिलते ही एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार, सीओ छिबरामऊ सुरेश मलिक, थाना प्रभारी दिनेश कुमार, सकरावा थानाध्यक्ष अजब सिंह, विशुनगढ़ थानाध्यक्ष गौरव चौधरी, छिबरामऊ कोतवाल विष्णुकांत तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक और खोखे को बरामद कर लिया है। घटना के बाद देवांशू के परिवारीजन मकान में ताला डालकर भाग गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

यह भी पढ़ें:-बाराबंकी : महिला पर शादी का दबाव, दूभर किया जीना