कांग्रेस तानाशाह,सपा के पीडीए में धोखा : डिप्टी सीएम
पत्रकार वार्ता में बोले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, पुलिस लाइन में पौधरोपित कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रतापगढ़ अमृत विचार : प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हेलीकॉप्टर से बुधवार सुबह पुलिस लाइन पहुंचे, मार्च पास्ट की सलामी ली। इसके बाद ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ से आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद पत्रकारों से रूबरू हुए। कहा कि आज से 50 वर्ष पूर्व कांग्रेस ने संविधान की हत्या की। 25 जून 1975 की आधी रात तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आंतरिक अशांति का बहाना बनाकर भारत पर आपात काल थोप दिया। यह निर्णय किसी युद्ध व विद्रोह के कारण नहीं,बल्कि सत्ता बचाने की हताशा में लिया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तानाशाह पार्टी है। उसकी वास्तविकता सामंतवादी की है। यह लोकतंत्र में विश्वास न रखने वाली पार्टी है। कहा कि भाजपा के शीर्ष नेताओं को आपातकाल का विरोध करने पर जेल जाना पड़ा। कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव पर भी सीधा हमला किया। कहा कि आपात काल के समय असली समाजवादी नेता लोकतंत्र को बचाने के लिए जेल गए थे, लेकिन आज के नकली समाजवादी अखिलेश एंड कंपनी उसकी कांग्रेस की गोद में बैठे हैं। जिसने आपातकाल लगाया था। उन्होंने कहा कि अगर, असली समाजवादी होते तो कांग्रेस के साथ समझौता न करते। सपा के पीडीए में धोखा है। इसलिए देश की जनता कांग्रेस मुक्त भारत बनाएगी और प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी बनाएगी। इसके बाद 50वें आपातकाल दिवस पर तुलसीसदन हादीहाल में आयोजित कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन भी किया।
उन्होंने 19 लोकतंत्र सेनानियों व उनके आश्रितों को सम्मानित कर सम्मान पत्र प्रदान किया। विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक धीरज ओझा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा अमरनाथ यादव ने विचार रखा। इस दौरान विधायक जीत लाल पटेल, जिला प्रभारी कौशलेन्द्र सिंह पटेल,नपा अध्यक्ष प्रेमलता सिंह,केके सिंह,विनोद पाण्डेय,पूर्व मंत्री प्रो.शिवाकांत ओझा,पूर्व विधायक धीरज ओझा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा अनिल प्रताप सिंह,विक्रांत सिंह नवीन,नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार,राजेश सिंह,पवन गौतम, राजेश मिश्र राजन,मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ल आदि रहे।
कमल खिलाएंगे,2027 में साइकिल को सैफई भेजवाएंगे
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में गुब्बारे में हवा जैसी क्षणिक सफलता मिली, लेकिन हरियाणा और महाराष्ट्र की जनता ने प्रचंड बहुमत देकर भाजपा सरकार बनाया। चुनाव नतीजों से विपक्षी पार्टी घबरा गई है। कांग्रेस ने 2024 के चुनाव में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के संविधान का माखौल उड़ाने का काम किया था। अब 2027 के चुनाव में पूर्ण बहुमत से कमल खिलाएंगे और साइकिल को सैफई भेजवाएंगे।
गृहमंत्री का बताया राजनीतिक गुरू
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने देश के गृहमंत्री अमित शाह को अपना राजनीतिक गुरू बताया। कहा कि उनके मार्गदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम किया है। यदि वह मुझे मंच से मित्र कहते हैं तो वह उनका बड़प्पन है। मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं, सदैव कार्यकर्ता के रूप में कार्य करता रहूंगा।
यह भी पढ़ें:- बाराबंकी : घर में लगे लोहे के तार में उतरा करंट, मां- बेटी की मौत
