प्रयागराज : वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती धूमधाम से मनाई गई
प्रयागराज: प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्र की जन चेतना का गान है। यह भारत देश को अंग्रेजों की पराधीनता से मुक्त कराने का महामंत्र है, जिसे श्रद्धेय बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जी ने दिया था।
प्रयागराज से नाता था बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का
शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस में प्रयागराज गौरव अनुभूति आयोजन समिति की ओर से वंदे मातरम् गान का आयोजन किया गया। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और राष्ट्रभक्तों ने वंदे मातरम् का गान करते हुए श्रद्धेय बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को नमन किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का परिवार मूल रूप से यूपी के कन्नौज से पश्चिम बंगाल गया था। उनका प्रयागराज से नाता था, इस पर प्रयागराज वासियों को गर्व है।
वीर क्रांतिकारियों ने दी थी आहुति
डिप्टी सीएम ने कहा कि देश की आजादी में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए वीर क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम का गान करते हुए फांसी के फंदे को चूम लिया था। देश की आजादी के लिए अपनी आहुति दे दी थी। डिप्टी सीएम ने कहा कि वंदे मातरम का यह महामंत्र अनादि काल तक इसी तरह गूंजता रहे, ऐसी भगवान से प्रार्थना करता हूं। आज उनकी जन्म जयंती पर मैं उन्हें नमन करता हूं।
यह भी पढ़ें:- Prayagraj : मानसून की बारिश ने बढ़ाया गंगा का जलस्तर, प्रयागराज में अलर्ट
