लखीमपुर खीरी: ईंट से हमला कर युवक की हत्या
पलियाकलां-खीरी, अमृत विचार। क्षेत्र के सरखना निवासी एक युवक की शुक्रवार देर शाम ईंट से वार कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरूआ पश्चिम के गांव सरखना निवासी सुमित कुमार राणा …
पलियाकलां-खीरी, अमृत विचार। क्षेत्र के सरखना निवासी एक युवक की शुक्रवार देर शाम ईंट से वार कर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरूआ पश्चिम के गांव सरखना निवासी सुमित कुमार राणा (32) पुत्र गिरधारी लाल राणा का देर शाम गांव निवासी मन्ना पुत्र नेकी राम से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जाता है कि आक्रोशित मन्ना ने सुमित के सिर पर ईंट से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में हत्या की सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ आ पहुंची।
सूचना मिलते ही कोतवाल भानु प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए मृतक के परिजनों से पूछताछ की। बताया जाता है कि मृतक आरोपी युवक के साथ किसी काम से गया हुआ था। उसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद के बीच ही आरोपी युवक ने सुमित के सिर पर ईंट से वार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
