पीलीभीत: अमरिया में बाघिन ने खेत में छुट्टा पशु को बनाया निवाला, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। अमरिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बाघिन ने एक छुट्टा पशु को निवाला बना डाला। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। टीम के मुताबिक क्षेत्र में एक बाघिन दो शावकों के साथ देखे जाने की जानकारी मिली है। सुरक्षा की दृष्टि से लगातार निगरानी की जा रही है।

जंगल क्षेत्र से करीब 30 किमी दूर अमरिया क्षेत्र में देवहा नदी के किनारे वन्यजीवों की लगातार चहलकदमी देखी जा रही है। पिछले कुछ दिन से यहां बाघिन के साथ दो शावकों की मौजूदगी देखी जा रही है। वहीं इसी क्षेत्र के आसपास तेंदुआ की भी चहलकदमी देखी जा रही है। शुक्रवार सुबह क्षेत्र की रानी कॉलोनी के समीप नोनी गोपाल के खेत में एक छुट्टा पशु का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ही घूम रही बाघिन द्वारा ही छुट्टा पशु का निवाला बनाया गया है। सूचना मिलते ही सामाजिक वानिकी की वन दरोगा सोनी सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों को सतर्क करते हुए निगरानी बढ़ाई गई है।

बरखेड़ा क्षेत्र में भी दिखी बाघिन, खेत में काम रहे किसान भागे
बरखेड़ा क्षेत्र के गांव काजल बोझी के समीप शुक्रवार को गन्ने के खेत में एक बाघिन दो शावकों के साथ घूमते देखी गई। बाघिन को देख आसपास खेत में काम कर रहे किसानों में हड़कंप मच गया। किसानों ने इसकी जानकारी गांव पहुंचकर अन्य ग्रामीणों को दी। गांव निवासी देवेंद्र कुमार ने मामले से किसान नेता देव स्वरूप पटेल भी अवगत कराया। किसान नेता ने तत्काल इसकी सूचना सामाजिक वानिकी प्रभाग के डीएफओ समेत पुलिस को दी और स्वयं गांव पहुंचे। गांव पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से इस बाबत जानकारी ली।

 

संबंधित समाचार