Bareilly: वन विभाग की टीम ने की कांबिंग...तेंदुए का नहीं लगा सुराग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज, अमृत विचार। हाफिजगंज क्षेत्र के गांव फैजुल्लापुर के पास स्थित खेतान फैक्ट्री में तेंदुए की दस्तक से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। शनिवार को वन विभाग की टीम ने गांव में जाकर कांबिंग की, लेकिन तेंदुए का कोई सुराग नहीं लगा। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम की तरफ से फैक्ट्री में पिंजड़ा लगाया गया है। वहीं गांव के लोगों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

खेतान फैक्ट्री करीब 240 बीघा में फैली है। गांव के लोगों के अनुसार पिछले 30 साल से फैक्ट्री बंद है। फैक्ट्री के चौकीदार अजय कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार रात तेंदुआ उनकी गाय पर झपट पड़ा। किसी तरह भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई और छत पर चढ़कर तेंदुए का वीडियो बना लिया। अजय ने बताया कि एक सप्ताह पहले भी उन्होंने तेंदुए को देखा था और इसकी सूचना वन विभाग को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

तेंदुए का वीडियो वायरल होने के बाद वन दरोगा अकबर अली मौके पर पहुंचे। उन्होंने वीडियो देखकर तेंदुआ होने की पुष्टि की। तेंदुए को पकड़ने के लिए फैक्ट्री परिसर में पिंजरे लगाए गए हैं। वन विभाग के अधिकारी बताया कि वन विभाग की टीम लगातार कांबिंग कर रही है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। इसके साथ ही आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा फैक्ट्री के आसपास के गांव सुदी जावा नौरंगाबाद ग्रेम, फैजुल्लापुर एवं हाफिजगंज में ग्राम प्रधान के साथ मिलकर वन कर्मियों ने अनाउंसमेंट कराया और अकेले बाहर निकलने से मना किया गया है।

ये भी पढ़ें-Bareilly: पहले पत्नी नहीं डालती थी घास...अब पति अधिकारी बना तो दोबारा रहना है साथ

संबंधित समाचार