नहर विभाग की लापरवाही से किसानों की खेती जलमग्न : मिर्च और पिपरमेंट की फसल बर्बाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार : मसौली क्षेत्र के किसान नहर विभाग की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं। मसौली रजबहा नहर में आई कटान के चलते आसपास के खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। जानकारी के अनुसार चार दिन पूर्व नहरों में पानी छोड़ा गया था।

शनिवार को मसौली रजबहा नहर बांसा-धरौली मार्ग के पास कट गई, जिसकी सूचना तत्काल किसानों द्वारा नहर विभाग को दे दी गई थी। लेकिन विभाग की ओर से समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया, जिससे नहर का पानी बहकर खेतों में भर गया। इससे क्षेत्र के कई किसानों की फसलें डूब गईं।

राम नवल वर्मा की तीन बीघा मिर्च की फसल, बिरजू वर्मा की दो बीघा तथा रामराज की एक बीघा मिर्च की फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। वहीं, पिपरमेंट की भी भारी मात्रा में फसल पानी में बर्बाद हो गई। किसानों का कहना है कि समय पर नहर को बांध दिया गया होता तो इस नुकसान से बचा जा सकता था। लेकिन विभाग की उदासीनता के चलते उनकी महीनों की मेहनत और लागत व्यर्थ हो गई।

यह भी पढ़ें:- दिव्यांग शिक्षिका से दुर्व्यवहार पर हेडमास्टर निलंबित : जांच में आरोप सही मिले, बीएसए ने की कार्रवाई

संबंधित समाचार