जल जीवन मिशन में बड़े पैमान पर भ्रष्टाचार, बोले अखिलेश यादव- बेईमानी और झूठ भाजपा की पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को जल जीवन मिशन, नदियों की सफाई और अन्य योजनाओं के नाम पर धोखा दिया है। इन योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट हुई है। बारिश आते ही भाजपा स्मार्टसिटी योजना की पोल खुल गयी है।

अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि गोरखपुर, आगरा, वाराणसी, अयोध्या, अलीगढ़ समेत कई नगरों और शहरों में जगह-जगह जल भराव हैं सड़कें उखड़ गयी है, नाले जाम है। मोहल्लों और गलियों में पानी भर जाता है। भाजपा की दिल्ली, लखनऊ की डबल इंजन सरकार और महानगरों के नगर निगम मिलाकर ट्रिपल इंजन की सरकार फेल हो गयी है।

उन्होंने कहा है कि पिछले नौ साल में भाजपा सरकार एक भी सिटी को स्मार्ट नहीं बना पायी है। सड़कें जगह-जगह खोद दी गयी हैं। आम जनता भाजपा सरकार की अकर्मण्यता और भ्रष्टाचार से परेशान हो चुकी है। इसी तरह से इस सरकार की जल जीवन मिशन योजना भ्रष्टाचार के नए रिकार्ड बना रही है। इस योजना के तहत बनी पानी की टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पा रही हैं। हर महीने किसी न किसी जिले में पानी की टंकियां ढह रही है।

अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। मां गंगा की सफाई नहीं हुई। नमामि गंगे परियोजना के लिए आवंटित हजारों करोड़ का बजट साफ हो गया लेकिन गंगा नदी साफ नहीं हुई, स्थिति जस की तस है।

भाजपा सरकार में हो रही लूट और भ्रष्टाचार से गैर विभाग अछूता नहीं हैं निर्माणकार्यों के साथ ही ट्रांसफर पोस्टिंग में भी भारी भ्रष्टाचार हुआ। भाजपा सरकार का ईमानदारी का लबादा उतर चुका है। उन्होने कहा कि भ्रष्टाचार, बेईमानी और झूठ भाजपा की पहचान बन चुका है। 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा के भ्रष्टाचारी शासन को खत्म करने के लिए तैयार है।

संबंधित समाचार