लखनऊ में चालक ने लगाया ब्रेक, ध्यान भटकाकर महिला के गले से पार की चेन
लखनऊ अमृत विचार: मानकनगर में चार टप्पेबाजों ने ई-रिक्शे पर सवार महिला की चेन उड़ा ली। टप्पेबाजों ने चालक के ब्रेक मारते ही ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दिया। एसओ अजीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।
मूल रूप से अंबेडकरनगर के जलालपुर निवासी संगीता देवी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली बहन रुपम के घर आई थीं। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों बहनें खरीदारी करने निकली थी। वे ट्रांसपोर्ट नगर मेट्रो स्टेशन से ई-रिक्शे में सवार होकर आलमनगर की ओर जाने लगीं। तभी रास्ते सर्राफा पुलिस चौकी के सामने तीन महिलाएं ई-रिक्शे में पीछे और एक युवक आगे बैठ गया। कुछ दूर चलने पर महिलाओं से ई-रिक्शा रूकवाकर साथी महिला को भी बैठा लिया।
संगीता ने बताया कि कुछ दूर चलने पर चालक ने अचानक से ब्रेक लगा दी। जिससे सभी लोगों को अचानक झटका लगा। उससे संगीता और रूपम का ध्यान भटक गया। फिर वह और उनकी बहन रास्ते में उतर गई। थोड़ी देर बाद संगीता का ध्यान अपने गले पर पड़ा तो चेन गायब मिली। घबराई संगीता की बहन रूपम ने बाइक सवार की सहायता से पीछा कर आलमबाग बस टर्मिनल के पास ई-रिक्शा रूकवाया। पूछने पर ई-रिक्शा चालक ने बताया कि अन्य महिलाओं को चंदर नगर के पास उतारा है। चौकी पर उन्हें महिलाओं का पता नहीं चल सका। पीड़िता संगीता ने मानकनगर थाने में शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
यह भी पढ़ें:-फेसबुक पर राष्ट्रीय ध्वज की अपमानजनक तस्वीरें पोस्ट करने पर जवाब तलब : सरकार से मांगा जवाब
