पीलीभीत: मेले से लौट रही युवती की हादसे में मौत, दिसंबर में होनी थी शादी..मचा कोहराम
घुंघचिहाई, अमृत विचार: मेले से वापस लौटते वक्त सवारियों से भरा ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक युवती की मौत हो गई। बरेली ले जाते वक्त रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। आरोप है कि ई रिक्शा चालक नशे में था। शराब पीकर ई रिक्शा चलाने का आरोप लगाया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।
हादसा शुक्रवार दोपहर का है। घुंघचिहाई के रहने वाले तमाम लोग ई रिक्शा में सवार होकर भगवतीपुर गांव में चल रहे मेले में गए थे। करीब दस महिलाएं/युवतियां गई थी। दोपहर करीब दो बजे मेले से वापस घर आ रहे थे। इस दौरान कढै़या कनपारा मोड़ के पास ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में प्रियंका यादव(21) पुत्री गुड्डू यादव और संजना यादव (20) पुत्री राम बहादुर यादव गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि उनके परिवार की ही सावित्री देवी, अंशिका, प्रिया, किरन आदि को मामूली चोट आई। गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियो को पूरनपुर सीएचसी ले जाया गया, वहां प्राथमिक इलाज के बाद प्रियंका को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए और फिर वहां से भी बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली ले जाते वक्त रास्ते में प्रियंका की मौत हो गई। परिजन शव को घर ले आए। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मची रही।
खुशियां मातम में बदली, रोकर बुरा हाल
इस हादसे के बाद परिवार का खुशनुमा माहौल मातम में बदल गया है। बताते हैं कि मृतक प्रियंका की शादी तय हो चुकी थी। उसकी गोद भराई की रस्म हो चुकी थी और उसकी शादी दिसंबर में होनी थी। इसे लेकर परिवार में तैयारियों के बीच खुशनुमा माहौल था। जब हादसे की सूचना लड़का पक्ष को दी गई तो वहां से भी तमाम लोग गमगीन परिवार के घर पहुंचे। उनका भी रोकर बुरा हाल रहा।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: काजरबोझी में तेंदुआ की दहशत बरकरार, टीम के साथ पहुंचे रेंजर..ग्रामीणों को किया सतर्क
