बरेली को मिले 422 शिक्षक, बांटे गए नियुक्ति पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शनिवार को संजय कम्युनिटी हॉल में 69 हजार शिक्षक भर्ती के सापेक्ष हुई 37,723 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के नियुक्ति पत्रों का वितरण हुआ। इसमें बरेली के कुल 421 नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नियुक्ति पत्र मिलते ही शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के …

बरेली, अमृत विचार। शनिवार को संजय कम्युनिटी हॉल में 69 हजार शिक्षक भर्ती के सापेक्ष हुई 37,723 शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के नियुक्ति पत्रों का वितरण हुआ। इसमें बरेली के कुल 421 नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए गए। नियुक्ति पत्र मिलते ही शिक्षकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद बरेली के जन प्रतिनिधियों ने नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्त पत्र दिए। उन्होंने शिक्षकों से पूछा कि नियुक्ति पत्र लेकर सपना तो पूरा हो गया न।

69 हजार शिक्षक भर्ती के सापेक्ष सबसे पहले 31277 शिक्षकों की भर्ती हुई थी। इसमें से बरेली के लिए 712 शिक्षक मिले थे। कोर्ट के आदेश के बाद इस भर्ती की बची हुई 37,277 शिक्षकों की भर्ती के आदेश जारी हुए। दो दिनों की काउंसिलिंग के बाद शनिवार को उन्हें नियुक्ति पत्र दिए गए। इन शिक्षकों में से बरेली के लिए कुल 490 शिक्षकों का चयन हुआ। इसमें से काउंसिलिंग में 452 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 31 शिक्षकों के प्रमाणपत्रों में कमियां मिलने के चलते उनका नियुक्ति पत्र रोक दिया गया था। इस तरह शनिवार को कुल 421 नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिले।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने कहा कि आप लोगों ने बहुत अच्छे कर्म किये थे जो इस बार शिक्षक बने हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्राइमरी शिक्षा अच्छी है तो देश का आगे बढ़ना तय है। इस पर फरीदपुर विधायक श्याम बिहारी लाल ने कहा कि जब मैं पढ़ता था तो मेरे पिता भी शिक्षा विभाग में थे, उन्हें बहुत कम वेतन मिलता था। इसलिए मैंने सोचा कि किसी से शिक्षक बनने के लिए नहीं कहूंगा मगर आज की शिक्षा पहले की तुलना में बहुत अलग है।

सेल्फी लेकर इस खूबसूरत पल को किया कैद
नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिला तो उन्होंने इस पल को यादगार बनाने के लिए सेल्फी लेना शुरू कर दिया। नियुक्ति पत्र लेने आए शिक्षकों ने अपने परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और तमाम लोगों के साथ सेल्फी लेना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यह पल जिंदगी में सिर्फ एक ही बार आता है। आज की खुशी को वे हमेशा के लिए कैद करना चाहते हैं।

ये लोग रहे कार्यक्रम में मौजूद
संजय कम्युनिटी हॉल के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक अरुण कुमार, फरीदपुर विधायक श्याम बिहारी लाल, बहेड़ी विधायक छत्रपाल गंगवार, मेयर उमेश गौतम, कमिश्नर रणवीर प्रसाद, डीएम नीतीश कुमार, जेडी डॉ. प्रदीप कुमार, डाइट प्राचार्या शशि देवी, एडी बेसिक एसएन सिंह, बीएसए विनय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी देवेश राय समेत शिक्षा विभाग के तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।

“काफी दिनों के इंतजार के बाद आज यह खुशी मिली है। नियुक्ति पत्र पाकर इतनी खुशी हो रही है कि बयां नहीं कर सकती। करीब दो वर्षों से कोर्ट के आदेश का इंतजार कर रहे थे।” -रिचा चौहान, हापुड़

“पूरे दो वर्षों तक इंतजार किया है इस नियुक्ति पत्र को पाने के लिए। आज बहुत दिनों बाद सपना पूरा हुआ है। अब सिर्फ बच्चों को मेहनत से पढ़ाना है।” -कृति त्रिपाठी, कर्मचारी नगर

“मैं इतनी खुश हूं कि बयां नहीं कर सकती। मेरा सपना आज पूरा हो गया है। इस नौकरी को पाने के लिए मैंने बहुत मेहनत की थी।” -कंचन सागर, बरेली

“मुझे शुरू से ही पढ़ाने का काफी शौक रहा है। इसलिए मैं शिक्षा विभाग में आना चाहता था। आज मेरा सपना पूरा हुआ है। मुझे मेरी पसंद की नौकरी मिल गई।” -राहुल सिंह, फरीदपुर

नियुक्ति पत्र मिलने से पहले अभ्यर्थियों का हंगामा
कोर्ट के आदेश के बाद 37,723 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटा जाना था। बरेली में काउंसिलिंग के बाद 452 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलना था मगर इसमें से 31 शिक्षकों के नाम और अंकों में गड़बड़ी थी। शासन के आदेश के बाद बीएसए ने इनके नियुक्ति पत्रों को रोक दिया था। शनिवार को संजय कम्युनिटी हॉल में बीएसए के आते ही अभ्यर्थियों ने उनका घेराव कर लिया। बोले-उन्हें नियुक्ति पत्र चाहिए। इस पर बीएसए ने बोला पहले वह एक एफिडेविट बनवाएं और आकर विभाग में जमा कर दें। इसके बाद ही उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। उधर, बीएसए का कहना था कि इनके नाम और अंकों में गड़बड़ी मिली थी। एफिडेविट देने के बाद कमेटी इस पर विचार करके नियुक्ति पत्र देने का आदेश करेगी।

संबंधित समाचार