शाहजहांपुर: श्रावण मास...कांवड़ यात्रा की निगरानी को जिला मुख्यालय पर बना कंट्रोल रूम
शाहजहांपुर, अमृत विचार। 11 जुलाई से प्रारंभ हो रहे पवित्र श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। इस रूम पर वरिष्ठ प्रभारी एडीएम न्यायिक राशिद अली और कनिष्ठ प्रभारी अधिकारी एसडीएम न्यायिक सदर प्रियंका चौधरी को नियुक्त कर किया है। कंट्रोल रूम तीन शिफ्टों में संचालित किया जाएगा। इसके लिए कार्मिकों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।
कन्ट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों और समस्याओं को कार्मिक सुनकर उनका निस्तारण करेंगे। इसकी रिपोर्ट वरिष्ठ प्रभारी व कनिष्ठ प्रभारी अधिकारी को रोजाना देगें। कन्ट्रोल रूम नंबर 05842-351038 और 05842-351037 जारी किया गया है। यहां सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक कनिष्ठ सहायक लघु सिंचाई पुष्कर सिंह, विद्युत विभाग टीजी सुमित कुमार, मोहन कनौजिया, गजाधर लाल, दोपहर 2 से रात्रि 10 बजे तक आदित्य कुमार, मुदित प्रजापति, सरवन कुमार और रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक राजीव कुमार व प्रमोद कुमार ड्यूटी पर रहेंगे।
पंचायत घरों और आयुष्मान मंदिर में रुकने का किया इंतजाम
सीडीओ डॉ. अपराजिता सिंह ने बताया कि कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ उनके ठहरने के लिए कांवड़ यात्रा रूट में पड़ने वाले पंचायत घरों व आयुष्मान मंदिरों में कांवड़ियों के रुकने की व्यवस्थाएं कराई जा रही है। इसमें सारी व्यवस्था होंगी। इनकी देखरेख को बीडीओ व सचिवों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तर से भी मानीटरिंग की जाएगी।
एडीएम न्यायिक राशिद अली खान ने बताया कि कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था व बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बना दिया गया है, जोकि 24 घंटे संचालित होगा। इसके लिए कार्मिकों की ड्यूटी लगा दी गई है। एक एक पल की रिपोर्टिंग की जाएगी।
