लखीमपुर खीरी: पूजा अर्चना का झांसा देकर महिला से ठगे 60 हजार के जेवर
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शहर में महिलाओं को झांसा देकर उनसे सोने-चांदी के जेवर ठगने वाले गिरोह पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है। सोमवार को गिरोह के तीन सदस्य गढ़ी रोड निवासी एक महिला को पूजा-अर्चना का झांसा देकर उसके करीब 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के गहने लेकर भाग निकले। लोगों ने तलाश के दौरान शक होने पर शहर में तीन युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई की। सभी को सेठघाट चौकी पुलिस को सौंप दिया। जहां पहुंची पीड़ित महिला ने तीनों को पहचानने से इन्कार कर दिया।
घटना सोमवार की सुबह करीब नौ बजे हुई। मोहल्ला रानी पदमावती कॉलोनी निवासी राजपाल सिंह ठाकुर घर पर नहीं थे। घर पर महिलाएं थीं। बताते हैं कि इसी बीच तीन ठग उनके घर पहुंच गए और एक पीतल के मंदिर को सोने का बताया और हर मुराद पूरी करने का झांसा देते हुए पूजा-अर्चना करने की बात कही। ठगों के झांसे में महिला आ गई। ठगों ने उससे घर में रखे सभी सोने-चांदी के जेवर मंगवाए और उसी छोटे पीतल के मंदिर के पास रखवा लिया। पीड़ित महिला ने बताया कि इसी बीच एक ठग ने पीने के लिए पानी मांगा। वह जब पानी लेने गईं। तभी तीनों ठग जेवर समेट कर भाग निकले। वापस आने पर देखा तो तीनों ठग नहीं थे। इस पर उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग आ गए।
लोगों ने युवकों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। महिला ने फोन कर घटना की जानकारी अपने पति राजपाल ठाकुर को दी। सूचना पर पहुंचे पति ने आरोपियों की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ठगों की हुलिया में दिखे तीन युवकों को दुर्बल आश्रम के निकट कृषक समाज इंटर कॉलेज के पास पकड़ लिया। इस दौरान वहां तमाम लोगों की भीड़ जुट गई।
ठग समझ कर जो आया उसने ही अपना हाथ साफ किया। जमकर कुटाई करने के बाद भीड़ तीनों को लेकर सेठ घाट पुलिस चौकी पहुंची और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के बुलाने पर पहुंची पीडि़त महिला ने तीनों आरोपियों की पहचान नहीं की। सेठ घाट चौकी इंचार्ज ने बताया कि महिला ने तीनों युवकों को पहचानने से इन्कार किया है। इस पर आरोपियों को छोड़ दिया गया है।
