बरेली: गांजा तस्करी में पुलिस ने गुडवर्क में किया खेल
बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर एरिया में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने वाहवाही लूटने के लिए प्रेस कांफ्रेंस कर दी। पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस में बाकायदा एक प्रेस नोट जारी किया जिसमें पुलिस के साथ नारकोटिक्स ब्यूरो व एसटीएफ मेरठ की टीम द्वारा 5 क्विंटल गांजा बरामद होना दिखा दिया। प्रेस नोट में प्रेमनगर …
बरेली, अमृत विचार। प्रेमनगर एरिया में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने वाहवाही लूटने के लिए प्रेस कांफ्रेंस कर दी। पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस में बाकायदा एक प्रेस नोट जारी किया जिसमें पुलिस के साथ नारकोटिक्स ब्यूरो व एसटीएफ मेरठ की टीम द्वारा 5 क्विंटल गांजा बरामद होना दिखा दिया।
प्रेस नोट में प्रेमनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या के साथ धाराओं का भी जिक्र कर दिया लेकिन कोई मुकदमा लिखा ही नहीं गया। प्रेस नोट में जो अपराध संख्या दी उस पर लड़की के अपहरण की रिपोर्ट शनिवार शाम को दर्ज की गई। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद प्रेमनगर पुलिस में खलबली मच गई है।
शुक्रवार रात को प्रेमनगर थाना एरिया में एक ट्रक पकड़ा गया था। इस ट्रक में नारियल भरे थे और नारियल के बीच में बोरों में गांजा भरा हुआ था। गांजा 5 क्विंटल बताया गया है। यह गांजा उड़ीसा से बरेली लाया गया था। ट्रक को एनसीबी लखनऊ व मेरठ एसटीएफ की टीम ने पकड़ा था जिसमें प्रेमनगर पुलिस की मदद ली गई थी। इस मामले में चालक संजय नगर गौसाई गौटिया निवासी मयंक श्रीवास्तव, खलासी पुराना तड़ीखाना आजमनगर निवासी सूरज और रिसीवर गौसाई गौटिया निवासी अंकुर मिश्रा को पकड़ा था।
पूछताछ में पता चला था कि माल रिजवान का है। रिजवान कुछ महीने पहले अलीगढ़ में भी पकड़ा गया था। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की तस्करी की प्रेमनगर पुलिस को भनक तक नहीं थी लेकिन जब एनसीबी और एसटीएफ ने गांजा पकड़ लिया तो पुलिस ने खुद का गुडवर्क दिखाने के लिए गलत मुकदमा अपराध संख्या व धाराएं भी तैयार कर एसपी सिटी रविंद्र कुमार से प्रेस कांफ्रेंस करा दी।
एसपी सिटी ने भी थाना पुलिस पर भरोसा करके बाइट दी जिसमें बताया कि एनसीबी की तहरीर पर प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की पूछताछ की जा रही है, लेकिन शाम को पता चला कि कोई रिपोर्ट दर्ज ही नहीं की गई।
यह लिखा गया प्रेस नोट में
पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, वादी आसूचना अधिकारी नारकोटिक्स ब्यूरो लखनऊ पंकज दुबे के द्वारा फर्द बरामदगी व गिरफ्तारी अभियुक्तगण के आधार पर प्रेमनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 678/2020, धारा 8/20/25/29 एनडीपीएस एक्ट का अभियोग मयंक श्रीवास्तव, सूरज, व अंकुर के खिलाफ दर्ज कराया गया है। जिन्हें मय ट्रक नारियल के नीचे 250 पैकेट करीब 5 क्विंटल गांजा को उड़ीसा से अवैध रूप से बेचने के लिए ले जाते वक्त पकड़ा है। एनसीबी ने एसटीएफ व प्रेमनगर थाना पुलिस के सहयोग से गांजा पकड़ा है। अंकुर के पास से बाइक भी बरामद हुई है और अभियुक्तों से पूछताछ कर कार्रवाई की जा रही है।
प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार करने वाली टीम में पंकज दुबे आसूचना अधिकारी एनसीबी लखनऊ, आरक्षी रवि यादव एनसीबी, चालक मंजीत एनसीबी, एसटीएफ मेरठ से निरीक्षक सुनील कुमार, मुख्य आरक्षी रकम सिंह, प्रीतम भाटी व प्रमोद कुमार, आरक्षी आकाश दीप, भूपेंद्र सिंह व चालक प्रदीप कुमार, निरीक्षक प्रेमनगर अवनीश यादव, एसएसआई प्रेमनगर अरविंद कुमार चौहान, एसआई प्रदीप कुमार व सुनील चौधरी शामिल हैं।
“प्रेमनगर थाना में गांजा पकड़ने की एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। एनसीबी रिपोर्ट दर्ज करेगी। प्रेस नोट में मुकदमा अपराध संख्या व धाराएं क्यों लिखकर दी गईं, इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।” -डा. संसार सिंह, प्रभारी एसएसपी
