स्मार्ट पालिका के लिए विशेष सचिव ने लिए सुझाव : विशेष सचिव लिया विकास कार्यों का जायजा  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार : विशेष सचिव नगर विकास अरुण प्रकाश गुरुवार ने नगर पालिका परिषद सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों संग बैठक कर शहर के विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान विशेष कर स्मार्ट पालिका बनाने की दिशा में सभी के सुझाव लिए, वहीं स्थानीय जरूरतों को समझा गया।

विशेष सचिव ने सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालय और नागरिक सुविधाओं की स्थिति पर विस्तार से समीक्षा की। बताया कि यह निरीक्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री के निर्देश पर किया गया है। सरकार की मंशा है कि नगर निगमों के साथ-साथ प्रदेश के 58 जिला मुख्यालयों को "स्मार्ट पालिका" के रूप में विकसित किया जाए।

इस दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संवाद कर शहर की समस्याओं और जरूरतों को समझा गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए। विशेष सचिव ने कहा कि साफ-सफाई, जल निकासी, कचरा निस्तारण, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। नागरिकों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध हो इसके लिए ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना बनाएं। कहा कि बाराबंकी में स्मार्ट पालिका योजना को तेजी से लागू किया जाएगा। शासन का उद्देश्य है कि शहर में आने वाला हर व्यक्ति यहां की व्यवस्था और स्वच्छता से प्रभावित हो। नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान हो और किसी को कोई असुविधा न हो।

यह भी पढ़ें:- बाराबंकी : टैंकर अग्निकांड में वजह बनी रहस्य, चालक खलासी फरार

संबंधित समाचार