लखीमपुर खीरी: यूरिया की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन अलर्ट...सीडीओ ने की छापामारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी,अमृत विचार। जिले में खाद की कालाबाजारी की मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर शुक्रवार को सीडीओ ने कई दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान महेवागंज की साधन सहकारी समिति में जहां सबकुछ ठीक ठाक मिला तो वहीं लकपेड़ागंज एवं नकहा की समितियों में पर्याप्त भंडारण नहीं मिला। इतना ही नहीं दोनो समितियों के सचिव भी नदारद मिले। इस पर सीडीओ ने दोनो सचिवों से जवाब तलब किया है।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने शुक्रवार को महेवागंज में क्रभको के निजी उर्वरक केंद्र, टंडन खाद भंडार पर छापा मारा। दोनो जगह खाद की उपलब्धता संतोषजनक मिली। जबकि लकपेड़ागंज और नकहा की साधन सहकारी समितियों में खाद का पर्याप्त भंडारण नहीं मिला। साथ ही नकहा की दोनों समितियों के सचिव भी गायब मिले। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताकर नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ सही एआरसीएस को वरीयता के आधार पर इन समितियों पर शीघ्र खाद की आपूर्ति मुहैया कराने के निर्देश दिए। समितियों पर खाद लेने आए किसानों से सीडीओ ने वार्ता कर संयम बनाए रखने एवं जरूरत के अनुसार ही उर्वरक लेने की अपील की। सीडीओ ने समिति संचालकों से अधिक मात्रा में खाद लेने वाले किसानों की खतौनी अनिवार्य रूप से लिए जाने के निर्देश दिए।

किसान केंद्र में मिली अनियमितता, लाइसेंस निलंबित
नकहा स्थित किसान खेतीबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में कई गड़बड़ियां मिली। इस दौरान न तो केंद्र पर ई-पाश मशीन मिली और न ही अनुज्ञापी लाइसेंस प्रस्तुत कर सके। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताकर केंद्र का लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को निर्देश, क्षेत्र में रहें सक्रिय
सीडीओ ने डीडी कृषि, जिला कृषि अधिकारी, एआर कॉपरेटिव, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर खाद वितरण पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरक पर ओवररेटिंग से लेकर किसानों का शोषण किसी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


संबंधित समाचार