बाराबंकी: अंजू प्रजापति ने जनसुनवाई में सुनीं 25 शिकायतें, कहा- महिला उत्पीड़न पर हो त्वरित कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अस्पताल और आंगनबाड़ी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

बाराबंकी, अमृत विचार। महिलाओं और बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति सोमवार को बाराबंकी पहुंचीं। उन्होंने डीआरडीए सभागार में आयोजित जनसुनवाई में महिलाओं की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान उन्हें कुल 25 शिकायती प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिनमें घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और सामाजिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। अंजू प्रजापति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी पीड़िता को न्याय के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में मिशन शक्ति जैसे अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090 और 181 का अधिकतम प्रचार-प्रसार कर महिलाओं को इनके उपयोग हेतु प्रेरित किया जाना चाहिए। जनसुनवाई से पहले उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायज़ा लिया और नवजात कन्याओं व माताओं को स्वास्थ्य किट वितरित की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोठी और विकासखंड हरख के दो आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने साफ-सफाई एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए।

इसके अलावा वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने पर बल दिया। इसके बाद ग्राम नानमऊ में आयोजित चौपाल में उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं। वहां लगभग 20 महिलाओं ने अपनी व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक समस्याएं साझा कीं, जिनपर मा. सदस्य ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) इंद्रसेन, जिला प्रोबेशन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी, बाल संरक्षण अधिकारी हरीश मोहन पांडेय, महिला थानाध्यक्ष समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार