बरेली: वन विभाग को नहीं पता एयरफोर्स परिसर से कहां गया तेंदुआ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। एयरफोर्स परिसर में घूम रहे तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अब वन विभाग ने साफ कर दिया है कि एयरफोर्स में तेंदुआ नहीं है। रविवार शाम को विभाग ने अपनी टीमों को भी वहां से हटा लिया है। अब सोमवार को एयरफोर्स परिसर से सीसीटीवी कैमरे और पिंजड़ा भी …

अमृत विचार, बरेली। एयरफोर्स परिसर में घूम रहे तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद अब वन विभाग ने साफ कर दिया है कि एयरफोर्स में तेंदुआ नहीं है। रविवार शाम को विभाग ने अपनी टीमों को भी वहां से हटा लिया है। अब सोमवार को एयरफोर्स परिसर से सीसीटीवी कैमरे और पिंजड़ा भी हटा लिया जाएगा। एयरफोर्स परिसर में तेंदुआ जाने की तस्वीरों से साफ हो गया था कि वहां तेंदुआ है लेकिन वहां से कहां गया, यह वन विभाग की टीम पता ही नहीं कर सकी।

मुख्य वन संरक्षक ललित कुमार वर्मा ने बताया कि एयरफोर्स परिसर में करीब एक महीने से लगातार टीमें लगी थी, मगर तेंदुए की कोई लोकेशन नहीं मिली। तेंदुआ अचानक से कहां गायब हो गया इस बात का अधिकारियों में अभी तक असमंजस बना हुआ है। काफी तलाशने के बाद भी न तो सीसीटीवी में उसकी कोई तस्वीर कैद हुई और न ही एयरफोर्स परिसर के अंदर पगचिन्ह मिले। तेंदुए को पकड़ने के लिए दुधवा से आई डब्ल्यूटीआई की टीम को भी खाली हाथ लौटना पड़ा।

मुख्य वन संरक्षक ने बताया कि डब्ल्यूटीआई की टीम ने जो इंफ्रारेड सीसीटीवी कैमरे लगाए थे, टीम उन्हे उतार कर ले गई है। वहीं, वन विभाग की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी सोमवार को उतार लिए जाएंगे। वन विभाग ने अब साफ कर दिया है कि एयरफोर्स परिसर में तेंदुआ नहीं है, मगर इलाके के लोगों में तेंदुए को लेकर अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है। बताते चलें कि बीते 11 नवंबर को पहली बार एयरफोर्स के अंदर तेंदुए को लोगों ने जाते हुए देखा था। तब से वन विभाग ने वहां पर अपनी टीमें तैनात कर दी थीं, जो कि रविवार को हटा ली गई।

दोबारा सूचना मिली तो लगाई जाएंगी टीमें

वन विभाग ने फिलहाल टीमों को एयरफोर्स से हटा लिया है। मगर मुख्य वन संरक्षक का कहना है कि अभी टीमों को हटाया जरूर गया है। अब दोबारा से तेंदुआ होने की सूचना मिली तो टीमों को फिर से तैनात किया जाएगा। चूंकि 11 नवंबर को लोगों ने एयरफोर्स परिसर के अंदर तेंदुए को जाते हुए देखा था, इसलिए वहां निगरानी के लिए टीमों को तैनात किया गया था और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे।

संबंधित समाचार