बदायूं: झूम के बरसा सावन, दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। पिछले तीन दिन झमाझम बारिश हो रही है। कभी दिन में तो कभी रात में तेज बारिश हो रही है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं किसानों के चेहरे खिल गए हैं। मंगलवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। इससे खेतों में पानी भर गया। गन्ना और धान की फसल को लाभ पहुंचा। धान की रोपाई में जुटे किसानों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इधर बारिश के बाद शहर में जगह जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मंगलवार को सुबह से ही मौसम सुहाना था। बादलों वाली धूप हल्की धूप खिल रही थी। ठंडी हवा के झोंके उमस भरी गर्मी से राहत पहुंचा रहे थे। करीब तीन बजे काली घटाओं ने आसमान को अपने आगोश में ले लिया। देखते ही देखते झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश होने से लोग छतों पर आ गए और बरसात के पानी में भीग कर आनंद लिया। ग्रामीण क्षेत्र में तो माहौल और भी सुखद रहा। सूख गन्ने और धान की फसल को लाभ पहुंचा। खेतों में पानी भरा तो धान की रोपाई आदि का काम और तेजी से शुरू हो गया।

बारिश के बाद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। शहर की आवास विकास कॉलोनी, पटियाली सराय, नई सराय, सुभाष चौक, दिनेश चौक सहित अन्य स्थानों पर बरसात का पानी एकत्रित हो गया। जिसकी वजह से लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कृषि विभाग के अनुसार बुधवार को बारिश होने की संभावना है। तापमान में गिरावट रहेगी।

संबंधित समाचार