मुरादाबाद : एसएसपी आवास के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार।  मुरादाबाद में एसएसपी आवास के बाहर युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। युवक को पिछले कई दिनों से अवैध शराब माफिया जान से मारने की धमकी दे रहे थे, उनको शक था कि युवक पुलिस के लिए मुखबिरी करता है। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो युवक ने आत्मघाती …

मुरादाबाद, अमृत विचार।  मुरादाबाद में एसएसपी आवास के बाहर युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। युवक को पिछले कई दिनों से अवैध शराब माफिया जान से मारने की धमकी दे रहे थे, उनको शक था कि युवक पुलिस के लिए मुखबिरी करता है। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक को आग की लपटों से घिरा देख आवास पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर युवक को मेरठ के लिये रेफर कर दिया गया।

गलशहीद थाना क्षेत्र के असालतपुरा रेती की स्ट्रीट में रहने वाला आसिफ खां (20)ई-रिक्शा चलाता है। इसके अलावा वह पुलिस के लिए मुखबिरी भी करता है। बताते हैं कि कुछ दिनों पहले शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध तरीके से बिक्री के लिए लाई गई हरियाणा मार्का शराब पकड़ी थी। अवैध शराब माफिया को शक था कि आसिफ खां ने मुखबिरी करके शराब पकड़वाई है। उसके अनुसार तब से कारोबारी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।

आसिफ के अनुसार इसकी शिकायत उसने कोतवाली पुलिस से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। रविवार की शाम चार बजे वह पीलीकोठी के पास ई रिक्शा खड़ी करके पैदल एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आवास के बाहर पहुंचा। उसके हाथ में पेट्रोल की एक बोतल थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां पहुंचने के बाद बिना कुछ कहे उसने पेट्रोल अपने ऊपर डाल लिया। पुलिस कर्मी जब तक माजरा समझते तब तक आसिफ ने खुद को आग लगा ली। उसे आग की लपटों से घिरा देख पुलिस वालों के होश उड़ गए। आनन-फानन में आग बुझाने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर एसपी सिटी अमित आनंद भी पहुंच गए। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं हालत खराब होने पर आसिफ खां को मेरठ रेफर कर दिया गया।

एसएसपी आवास के सामने युवक ने पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली थी। जिसकी हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया है। आग लगाने के कारणों की जानकारी की जा रही है।-अमित कुमार आनंद, एसपी सिटी

संबंधित समाचार