मुरादाबाद: प्लाट दिलाने के नाम पर स्कूल संचालक से 10 लाख की ठगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्लाट दिलवाने के नाम पर स्कूल संचालक से दस लाख रुपये ठग लिए। रकम लेने के बाद भी काफी समय तक प्लाट नहीं दिलवाया। पंचायत हुई तो रकम वापस देने का आश्वासन दे दिया लेकिन बाद में मुकर गया। स्कूल संचालक ने मामले की शिकायत एसएसपी से की तो उनके आदेश पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्लाट दिलवाने के नाम पर स्कूल संचालक से दस लाख रुपये ठग लिए। रकम लेने के बाद भी काफी समय तक प्लाट नहीं दिलवाया। पंचायत हुई तो रकम वापस देने का आश्वासन दे दिया लेकिन बाद में मुकर गया। स्कूल संचालक ने मामले की शिकायत एसएसपी से की तो उनके आदेश पर पाकबड़ा थाने में दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के मोहल्ला बुध बाजार निवासी रफी ने एसएसपी को पत्र दिया। रफी का कहना था कि वह स्कूल संचालक हैं। फरवरी में कांठ निवासी दानिश व आरिफ ने उनको प्लाट खरीदवाने की बात कही। दोनों ने बताया कि सस्ती कीमत में वह प्लाट दिलवा सकते हैं। रफी के अनुसार सौदा तय होने के बाद उन्होंने दस लाख रुपये का चेक दोनों को दे दिया। इसके बाद उन्होंने जल्द प्लाट का बैनामा करवाने का आश्वासन दिया।
बकौल रफी काफी वक्त बीतने के बाद भी दोनों ने प्लाट नहीं दिलवाया। पूछने पर जल्द बैनामा करवाने का आश्वासन दे देते। बाद में दोनों ने फोन रिसीव करना बंद कर दिया। धोखाधड़ी का शक होने पर उसने पंचायत बुलाई तो दोनों ने जल्द रकम वापस करने का आश्वासन दिया। रफी के अनुसार आश्वासन के बाद काफी वक्त बीतने पर वह एक दिन वह आरिफ के घर पहुंच गया तो उसके साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि दोबारा पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। एसएसपी के आदेश पर पाकबड़ा थाने में दानिश और आरिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
