शाहजहांपुर: गोशालाओं में छह गायों की मौत के बाद निरीक्षण, जिम्मेदारों को फटकार
खुटार, अमृत विचार। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत महोलिया वीरान के मजरा सिमरा वीरान स्थित अस्थाई गोशाला में गुरुवार को छह गायों की मौत हो गई। लगातार हो रही गोवंश की मौतों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएम समेत उच्चाधिकारियों को अव्यवस्थाओं की सूचना दी थी। शुक्रवार को समाचार प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों को फटकार लगाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) राजेंद्र प्रताप सिंह सिमरा वीरान गोशाला पहुंचे और बीमार गायों के इलाज, हरे चारे व स्वच्छ पानी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर खुटार पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद व ग्राम पंचायत सचिव अनुज शुक्ला को भी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। ग्राम प्रधान गुरमेज सिंह को सीवीओ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गौशाला में गोवंश की उचित देखरेख सुनिश्चित की जाए। सीवीओ आरपी सिंह ने बताया कि बीमार व वृद्ध गायों का समय से इलाज कराने के लिए चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया है। यदि लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा
शुक्रवार को हिन्दू युवा संगठन के अध्यक्ष अवनीश मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ता ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे और जिला अधिकारी को संबोधित ज्ञापन एडीओ पंचायत देवेंद्र अवस्थी को सौंपा। ज्ञापन में महोलिया वीरान और सिहुरा खुर्द कला गौशालाओं में चारे-पानी की बदहाल व्यवस्था व गोवंश की लगातार हो रही मौतों का उल्लेख करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।संगठन ने रसवा कला गौशाला और नगर पंचायत खुटार की डंपिंग ग्राउंड स्थित गोशाला में भी गोवंश न रखे जाने पर नाराजगी जताई। कहा गया कि हाईवे व नगर क्षेत्र में सैकड़ों निराश्रित गोवंश घूम रहे हैं, जिन्हें पकड़वाकर गौशालाओं में भिजवाया जाए। जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
