बदायूं: करोड़ों की सरकारी जमीन पर कब्जा, विभाग चुप, ग्रामीण परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार।  उसावां-ककराला मार्ग पर गाटा संख्या 24 में अंकित लोक निर्माण विभाग की 0.177 हेक्टेयर भूमि पिछले एक साल से कब्जाधारियों के नियंत्रण में है। विभागीय जमीन को खाली कराने में पीडब्ल्यूडी और तहसील प्रशासन दोनों असफल साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने लगातार शिकायतें कीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों बताते हैं कि यदि विभाग और प्रशासन इसी तरह हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा, तो सरकारी जमीन पर कब्जा पक्का हो जाएगा।

करीब 33 फीट चौड़ी इस सड़क की जमीन पर अवैध कब्जे के बाद अब निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कब्जाधारियों ने पहले इस जमीन को बेचने की कोशिश की थी, लेकिन विरोध के चलते असफल रहे। अब चारदीवारी बनाकर रास्ता पूरी तरह बंद करने की तैयारी है। इस मामले में ग्रामीण लक्ष्मी, प्रदीप कुमार, सुखवीर, मनोज कुमार, आलोक व सर्वेश मिश्रा ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर जमीन कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।

पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता नरेश कुमार ने बताया कि  ककराला-उसावां मार्ग पर विभाग की जमीन है, जिसकी जांच कराई गई थी। तहसील प्रशासन से जांच रिपोर्ट मांगी गई थी, जो अब तक नहीं मिली है। अब फिर से जांच रिपोर्ट मांगी जाएगी ताकि जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा सके।

संबंधित समाचार