मुरादाबाद: सपा के प्रदर्शन पर रहा पुलिस का पहरा, कई बड़े नेता रहे नजरबंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। कृषि कानून के खिलाफ सपा की किसान यात्रा को शहर में नहीं निकलने दिया गया। सुबह से ही शहर के अलग-अलग इलाकों में तैनात फोर्स ने सपाइयों को उनके इलाके से बाहर निकलने ही नहीं दिया, जिसके चलते सपाइयों ने अपने कार्यालयों पर ही विरोध-प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ राज्यपाल को …

मुरादाबाद, अमृत विचार। कृषि कानून के खिलाफ सपा की किसान यात्रा को शहर में नहीं निकलने दिया गया। सुबह से ही शहर के अलग-अलग इलाकों में तैनात फोर्स ने सपाइयों को उनके इलाके से बाहर निकलने ही नहीं दिया, जिसके चलते सपाइयों ने अपने कार्यालयों पर ही विरोध-प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष व वारिष्ठ नेताओं को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया था।

मंडल के पांचों जिलों में सांसद, विधायकों सहित लगभग सभी बड़े नेताओं को घर में ही नजरबंद कर दिया गया। मुरादाबाद में सांसद डा. एसटी हसन, देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष मन्नू कुरैशी, हाजी यूसुफ अंसारी घर में कैद रहे।

महानगर कार्यालय पर पुलिस ने सपाइयों को जुलूस भी नहीं निकालने दिया। कुंदरकी विधायक हाजी मोहम्मद रिजवान, ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान खां भी नजरबंद रहे। रामपुर जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार, विजय सिंह भी उग्र नहीं हो सके। संभल सांसद डा. शफीकुर्ररहमान बर्क, विधायक इकबाल महमूद, जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी को भी घर से नहीं निकलने दिया गया।

अमरोहा सदर विधायक महबूब अली व एमएलसी परवेज अली, हसनपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमाल अख्तर नजर बंद रहे। बिजनौर विधायक तसलीम अहमद, पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश, नगीना में पूर्व मंत्री मनोज पारस, मूल चंद चौहान घर से नहीं निकल सके। स्योहारा में भी पुलिस सपाइयों पर भारी पड़ी।

सोमवार को मौका पाकर सपाइयों ने दिल्ली रोड पर थोड़ी देर के लिए जाम लगा दिया। पुलिस ने तुरंत ही जाम खुलवाया। असालतपुरा में भी सपाइयों ने किसान यात्रा निकालने की कोशिश की, लेकिन फोर्स ने उन्हें रोक लिया और सिटी मजिस्ट्रेट ने वहीं उनका ज्ञापन ले लिया। जिला कार्यालय से किसान यात्रा निकाल रहे सपाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को निजी मुचलकों पर छोड़ दिया गया। सुबह से शाम तक भारी पुलिस फोर्स सपाइयों के आवास पर तैनात रही। किसानों के समर्थन में निकलने वाली किसान यात्रा पर पुलिस बल भारी रहा।

 

 

 

 

संबंधित समाचार